-
Advertisement
ऑपरेशन सिंदूर के बाद हिमाचल में अलर्ट, सीएम सुक्खू का बंजार दौरा रद्द
CM Sukhu: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद हिमाचल प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसी बीच सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने आज अपना प्रस्तावित बंजार दौरा रद्द कर दिया है। ताजा हालात की समीक्षा के लिए सीएम ने प्रदेश सचिवालय में आपात बैठक ( Emergency meeting) बुलाई है। इस बैठक में सीएम प्रदेश के उच्च अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। जाहिर है सीएम तीर्थन घाटी के शारसी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम था। जिसे अब रद्द कर दिया गया।
पूरे शिमला शहर में शाम को ब्लैकआउट रहेगा
सरकार पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। आज शिमला में मॉकड्रिल ( Mockdrill in Shimla) भी रखी गई है। ऑपरेशन अभ्यास को लेकर डीसी शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने सिविल डिफेंस को लेकर युद्ध जैसी स्थिति में सभी जरूरी सेवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । आज सायं 4 बजे डीसी और संजौली पार्किंग स्थल में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। 4 बजे सायरन बजेगा और 10 मिनट की मॉक ड्रिल आरंभ होगी और उसके बाद फिर से सायरन बजेगा, जिसके बाद मॉक ड्रिल का समापन होगा। डीसी शिमला ने बताया कि आज सायं 7:20 से लेकर 7:30 तक पूरे शिमला शहर में ब्लैकआउट (Blackout) रहेगा और इस दौरान सभी लाइट बंद रहेंगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इस दौरान अपने घरों में रहे और सड़क पर चल रहे वाहन को एक किनारे रोक कर लाइट बंद कर दें। उन्होंने लोगों से इस अभ्यास में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
संजू चौधरी
