-
Advertisement
शिवरात्रि महोत्सव के लिए देवलुओं के साथ रवाना हुए देव कमरुनाग, 14 को पहुंचेगे मंडी
Dev Kamrunag: गोहर उपमंडल की काढ़ी कमरुनाग पंचायत के गोत गांव से मंडी जनपद के आराध्य देव कमरुनाग आज अपने मूल स्थान से देवता के पुजारी बोध राज संघ व देवलुओं के साथ मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए पावन यात्रा पर रवाना हो गए। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देव कमरुनाग की इस यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।देव कमरुनाग की यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा उनका भावपूर्ण स्वागत किया जा रहा है। देव आगमन पर भक्तों की ओर से चाय-पान, सूजी का हलवा तथा प्रसाद अर्पित किया जा रहा है।
भक्तों के घरों में दर्शन देते हैं देव कमरुनाग
मान्यता है कि जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं मंडी शिवरात्रि महोत्सव में पहुंचने से पहले पूर्ण हो जाती हैं, वे श्रद्धा अनुसार देवता को निमंत्रण देकर अपने घरों में हाजिरी भरवाते हैं। इसी आस्था के चलते देव कमरुनाग दर्जनों स्थानों पर भक्तों के घरों में दर्शन देते हैं।
उल्लेखनीय है कि देव कमरुनाग अपने मूल स्थान से पैदल लगभग 55 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय कर मंडी पहुंचते हैं। इस पूरी यात्रा के दौरान देवता के साथ दवलुओं व श्रद्धालुओं का जत्था भक्तिमय माहौल में चलता है।
मण्डी प्रशासन करेगा देव कमरुनाग का स्वागत
14 फरवरी को मंडी पहुंचने से पहले पुल घराट के समीप मण्डी प्रशासन द्वारा देव कमरुनाग का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। देव आगमन के साथ ही मण्डी शिवरात्रि महोत्सव की धार्मिक और सांस्कृतिक रौनक अपने चरम पर पहुंच जाएगी।
देव कमरुनाग की इस पावन यात्रा से पूरे क्षेत्र में धर्म, आस्था और संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिल रही है तथा श्रद्धालु देवता के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखा रहे हैं।
संजीव कुमार
