-
Advertisement
हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से रौंदा, हरमनप्रीत और अभिषेक के धमाके से टॉप-8 में बनाई जगह
Hockey World Cup 2026:हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल-डी के अहम और हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर अपना दबदबा बरकरार रखते हुए 5-3 से शानदार जीत दर्ज की। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में मिली हार के बाद टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ का था। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए इस जीत के साथ टूर्नामेंट के टॉप-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है।भारतीय टीम की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और स्टार स्ट्राइकर अभिषेक ने 2-2 गोल दागे, जबकि हार्दिक सिंह ने एक गोल कर जीत में अहम योगदान दिया।
𝗔 𝘄𝗶𝗻 𝘀𝗵𝗮𝗿𝗲𝗱 𝘄𝗶𝘁𝗵 𝘁𝗵𝗼𝘀𝗲 𝘄𝗵𝗼 𝗺𝗮𝗱𝗲 𝘁𝗵𝗲 𝗻𝗼𝗶𝘀𝗲! 💙
After getting the job done against Pakistan, our boys head over to the stands to acknowledge the incredible support. 🙌
Together on the pitch. Together in the stands. Onwards, India! 🏑… pic.twitter.com/LWV9KhtDlp
— Hockey India (@TheHockeyIndia) August 19, 2026
पहला क्वार्टर: भारत ने 2-0 से बनाई बढ़त
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने पाकिस्तानी रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। खेल के चौथे ही मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 10वें मिनट में अभिषेक ने बेहतरीन फील्ड गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। पहला क्वार्टर पूरी तरह भारत के नाम रहा।
दूसरा क्वार्टर: गोलों की बरसात, हाफ-टाइम तक भारत 4-2 से आगे
दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। पाकिस्तान ने 21वें मिनट में शाहिद हन्नान के गोल के जरिए वापसी की कोशिश की, लेकिन 23वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल कर भारत को 4-1 से बढ़त दिला दी। 24वें मिनट में पाकिस्तान के सुफयान खान ने गोल कर अंतर 4-2 किया। हाफ-टाइम तक भारत 4-2 से आगे था।
तीसरा और चौथा क्वार्टर: भारत ने पक्की की जीत
हाफ-टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी पर गोल कर भारत का स्कोर 5-2 कर दिया और पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने पाकिस्तान के कई हमलों को नाकाम किया। चौथे क्वार्टर के 45वें मिनट में पाकिस्तान के शाहिद हन्नान ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 5-3 जरूर किया, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया।
पंकज शर्मा
