-
Advertisement
JNGEC के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्मार्ट इंडिया हैकथॉन प्रतियोगिता में अव्वल, जीते एक लाख
Last Updated on December 21, 2023 by Soumitra Roy
नितेश सैनी/सुंदरनगर। जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर (JNGEC Sundernagar) के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में पहला स्थान (First Place) हासिल किया है। मैसूर के JSS टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी कर्नाटक में 19 और 20 दिसंबर को स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता डिजिटल प्रौद्योगिकी और एआई एकीकरण के माध्यम से अस्पतालों में डॉक्टर की उपलब्धता और नियुक्ति आवंटन को अनुकूलित करने के महत्वपूर्ण मुद्दे को संबोधित करने पर केंद्रित थी।
6 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में लिया भाग
जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक एवं प्रधानाचार्य SP गुलेरिया ने बताया कि उनके संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 6 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता (Competition) में भाग लिया। संस्थान की विद्यार्थी वंशिका गुलेरिया, प्रगुण, साहिल राणा, साहिल, अंशुल और जुबेर की टीम ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि इस स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में करीब 500 अन्य टीमों को मात देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर केवल पांच ही टीमें चुनी गई थी।
विद्यार्थियों ने संस्थान को पहचान दिलाई
विधार्थियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (Best Performance) करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विधार्थियों ने संस्थान को ना केवल पहचान दिलाई बल्कि एक लाख रुपए का इनाम भी हासिल किया। यह उपलब्धि ना केवल जेएनजीईसी छात्रों के समर्पण और प्रतिभा को दर्शाती है बल्कि इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है। साथ ही प्रौद्योगिकी के माध्यम से वास्तविक दुनिया की चुनौतियों को हल करने में छात्रों के योगदान के महत्व को रेखांकित करती है। हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा निदेशक अक्षय सूद, JNGEC सुंदरनगर के निदेशक सह प्रधानाचार्य SP गुलेरिया और JNGEC सुंदरनगर में स्टार्टअप और इनक्यूबेशन के अध्यक्ष डॉ. दिनेश भाटिया ने विजेता छात्रों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन और उत्कृष्ट सफलता के लिए सराहना और हार्दिक बधाई दी।