-
Advertisement
ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई #Himachal में तैनात NTPC के इंजीनियर की कार; हुई मौत
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश स्थित श्रावस्ती में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। श्रावस्ती स्थित बौद्ध परिपथ पर राजकीय महामाया डिग्री कॉलेज के पास एक कार ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस भिड़ंत में कार सवार हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में एनटीपीसी (नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन) के इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत (Death) हो गई। मृतक इंजीनियर अवधेश तिवारी (45) मूलरूप से लखनऊ (Lucknow) के रहने वाले थे।
सिर में घुस गया था ट्रॉली में रखा लोहे का पाइप
वे अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव बहराइच जिले के विशेश्वरगंज के रखौना गांव आए थे। यहां से देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर से दर्शन करके रविवार की रात लौट रहे थे। इसी दौरान इकौना कटरा मार्ग पर स्थित महामाया डिग्री कॉलेज के पास ही लोहे के बोरिंग के पाइप से भरी एक ट्रॉली अचानक से मुड़ गई। ट्रॉली के पीछे से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और उसमें भिड़ गई। बताया जा रहा है कार की स्पीड काफी तेज थी और अचानक ट्रॉली के मुड़ने से चालक कार को कंट्रोल नहीं कर पाया। ट्रॉली में लोहे के बड़े-बड़े पाइप रखे हुए थे। टक्कर लगते ही पाइप शीशा तोड़ कर कार मालिक अवधेश त्रिपाठी के सिर में घुस गया। अवधेश चालक के बराबर ही बैठे थे। कार में उनकी पत्नी भी सवार थी।
यह भी पढ़ें: #Paonta _Sahib: दो बच्चों की मां ने केरोसिन छिड़क लगा ली आग, गई जान
इससे कार में सवार इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी व चालक बाल-बाल बच गए। रास्ते से निकल रहे राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर उन्हें इकौना सीएचसी पहुंचाया। जहां से गंभीरावस्था में उन्हें जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर देख उन्हें बहराइच से लखनऊ भेजा गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इंजीनियर की मौत के बाद से उनके घर में मातम का माहौल है। बतौर रिपोर्ट्स, लखनऊ के अलीगंज में मकान नंबर-9 सेक्टर एन कुर्सी रोड निवासी अवधेश तिवारी (45) हिमाचल प्रदेश में एनटीपीसी (NTPC) में इंजीनियर पद पर तैनात थे।
