-
Advertisement
12वीं के छात्रों का इंतज़ार खत्म: पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के नतीजे जारी, ऐसे चेक करें संशोधित परिणाम
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला से 12वीं कक्षा (जमा दो) की परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। बोर्ड ने मार्च 2026 में आयोजित हुई नियमित परीक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) और पुनर्निरीक्षण (Re-checking) के बहुप्रतीक्षित परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए हैं। अंकों में सुधार की उम्मीद लगाए बैठे छात्र अब बिना किसी देरी के अपना संशोधित परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है परिणाम
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिन भी अभ्यर्थियों ने अपने मूल अंकों से असंतुष्ट होकर पुनर्मूल्यांकन या पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था, उनके संशोधित नतीजे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिए गए हैं। छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि वे बिना किसी तकनीकी परेशानी के बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर अपना ताजा और अपडेटेड स्कोरकार्ड चेक कर सकें।
शंका समाधान के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
छात्रों की मदद और किसी भी प्रकार की पूछताछ के समाधान के लिए बोर्ड ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया है कि छात्र कार्यालय समय (Working Hours) के दौरान निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) से जुड़ी जानकारी के लिए- दूरभाष नंबर 01892-242158
पुनर्निरीक्षण (Re-checking) से संबंधित जानकारी के लि- दूरभाष नंबर 01892-242122
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से विशेष आग्रह किया है कि वे समय रहते अपना परिणाम वेबसाइट से अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण या शंका समाधान के लिए केवल इन्हीं निर्धारित आधिकारिक हेल्पलाइन नंबरों का ही उपयोग करें।
रिजल्ट देखने के लिए यहां क्लिक करे
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

