-
Advertisement
हिमाचलः जेबीटी शिक्षक के बैंक खातों में डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस
धर्मशाला। जिला कांगड़ा (Kangra) के रक्कड़ प्राइमरी स्कूल में कार्यरत जेबीटी शिक्षक (JBT Teacher) के बैंक खातों में 1.63 करोड़ रुपए के लेनदेन पर आयकर विभाग ने नोटिस जारी किया है। आयकर विभाग (Income Tax Department) ने जेबीटी शिक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि वह बताएं उनके खाते में इतनी राशि कहां से आई है। इसका स्रोत क्या है। शिक्षक को जारी नोटिस सोशल मीडिया (Social Media) पर सोमवार को खूब वायरल हुआ। आयकर विभाग को सूचना मिली थी कि जिला कांगड़ा की तहसील रक्कड़ से संबंधित एक जेबीटी शिक्षक पंकज कुमार के अलग-अलग बैंक खातों में 16363266 रुपए के बड़े और संदिग्ध लेनदेन हुए हैं।
यह भी पढ़ें- ये हैं वो टैक्सपेयर्स जिनके खिलाफ सरकार चलाएगी मुकदमा
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) खाते में 49 हजार, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते में 5286500 रुपए और केसीसीबी (KCCB) लिमिटेड की शाखा के खाते में 11027766 रुपए जमा करवाए गए हैं। सभी लेनदेन वित्तीय वर्ष 2017-18 में हुए। जमा राशि में से अब तक कोई पैसा निकाला नहीं गया है। आमदनी के बारे में बताया गया है कि संबंधित जेबीटी शिक्षक 2017 से 2019 तक वेलफेयर ऑफिस (Welfare Office) में कार्यरत था। उस समय उसकी हर महीने की आमदनी 10 हजार रुपए थी। इसके बाद 10 मई, 2019 से जेबीटी शिक्षक के रूप में हर माह 13677 रुपए मासिक आय प्राप्त की।
उपरोक्त आय के आधार पर उसने वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2020-21 तक एक बार भी आयकर रिटर्न फाइल (Income Tax Return File) नहीं की। वहीं, आईटीओ वार्ड धर्मशाला के ऑफिसर जसवंत गिल ने बताया कि विभाग को जेबीटी शिक्षक के खाते में 16363266 रुपए के संदिग्ध लेन-देन की सूचना मिली है। सूचना के आधार पर संबंधित शिक्षक को नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके खाते में यह राशि आई है या नहीं। अगर यह राशि आई है तो उसके स्रोत के बारे में भी पूछा गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

