-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2020/12/snow-falls5.jpg)
मौसम की करवट : नए साल से पहले #Himachal में बर्फबारी, पर्यटकों के खिले चेहरे, देखें तस्वीरें
शिमला। नए साल से पहले हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। सैलानियों का व्हाइट क्रिसमस का सपना भले ही पूरा ना हो पाया हो लेकिन नया साल मनाने हिमाचल पहुंचे पर्यटकों को बर्फबारी (Snowfall) के दर्शन जरूर हो गए। पहाड़ों पर रात से हिमपात हो रहा है और नजारा देखते ही बन रहा है। शिमला जिला (Shimla District) के कुफरी व नारकंडा में भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते कुफरी नारकंडा, खड़ा पत्थर, ऊपरी शिमला के लिए सड़क यातायात बंद हो गया है।
जिला कांगड़ा में धर्मशाला के ऊपरी इलाकों व धौलाधार की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं वहीं मैक्लोडगंज (Mcleodganj) में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। सोलन जिला के चायल व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। रात से ही बारिश हो रही थी और जैसे ही सुबह हुई तो आसपास की वादियों में बर्फ की सफेद चादर चढ़ी हुई थी। इसके अलावा करोल पर्वत और सोलन के साथ-साथ दालड़ाघाट में भी हल्की बर्फबारी हुई है। बीती रात हुई बर्फबारी से जिला सोलन के डमरोह, करोल, चायल व कसौली ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। इसके साथ ही अर्की के बाड़ीधार समेत घणागुघाट धार में भी ताजा बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
किसानों की मानें तो यह बारिश फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। अब बागवान भी प्लम, खुमानी, सेब, आडू सहित अन्य पौधों की रोपाई का कार्य कर सकते हैं। जिला चंबा के डलहौजी में भी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा मनाली व लाहुल-स्पीति अटल टनल के आसपास बर्फ के ढेर लग गए हैं। पर्यटन नगरी मनाली से लेकर पतलीकूहल तक भारी बर्फ गिरी है। हालांकि बर्फबारी के बाद ठंड भी काफी बढ़ गई है।
जिला कांगड़ा में रविवार को मौसम खराब था और देर शाम बारिश हुई। बारिश के बाद रात को ही बर्फबारी भी शुरू हो गई। सोमवार की सुबह धौलाधार ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। वहीं पर्यटकों की भी सुबह भी अच्छी हो गई है जो लोग यहां पर सिर्फ और सिर्फ बर्फ देखने के लिए आए थे। त्रियुंड सहित आसपास की पहाड़ियों में काफी हिमपात हुआ है। अप्पर भागसू नाग पहाड़ी तक बर्फ आ पहुंची है। वहीं, जिला कांगड़ा छोटा भंगाल बड़ा भंगाल व बीड़ बिलिंग की पहाड़ियों में भी बर्फबारी हुई है।बर्फबारी के चलते कुफरी नारकंडा, खड़ा पत्थर, ऊपरी शिमला के लिए सड़क यातायात बंद हो गया है।
मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बारिश और हिमपात होने की संभावना जताई है। रविवार को प्रदेश में सात स्थानों केलंग, कल्पा, मंडी, भुंतर, सुंदरनगर, मनाली व सोलन में तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 29, 30 व 31 दिसंबर को प्रदेश के छह जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी व सोलन में कोहरा जमने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान कांगड़ा में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट की संभावना जताई गई है।