-
Advertisement
धर्मशाला वनडे: कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची टीम इंडिया, मैच के लिए ट्रैफिक और सुरक्षा का कड़ा पहरा
Dharamsala ODI: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के धर्मशाला स्थित स्टेडियम में 13 जून को होने वाले रोमांचक वनडे मैच के लिए भारतीय क्रिकेट टीम दोपहर कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंच गई है। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रेमियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
रोहित शर्मा ने जीता प्रशंसकों का दिल
एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल सहित अन्य खिलाड़ियों का प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान एक प्रशंसक सुरक्षा घेरा पार कर रोहित शर्मा की ओर दौड़ पड़ा, जिससे रोहित ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया। इस सादगी ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।खिलाड़ियों का स्वागत धर्मशाला के सुहावने मौसम ने किया। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया है, जिसने मैच के रोमांच को और बढ़ा दिया है।
मैच और स्टेडियम की टाइमिंग-प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार:
गेट खुलने का समय: सुबह 10:30 बजे से दर्शकों को चेकिंग के बाद स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा।
मैच शुरू होने का समय: दोपहर 1:30 बजे मैच आरंभ होगा।
टीमों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा।
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, पैराग्लाइडिंग पर बैन
क्रिकेट मैच के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 700 पुलिस व होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं।पूरे शहर और स्टेडियम परिसर पर 280 सीसीटीवी कैमरों से कड़ी नजर रखी जाएगी।सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को 12 सेक्टरों में बांटा गया है (8 ट्रैफिक सेक्टर और 4 स्टेडियम सुरक्षा सेक्टर)।मैच के दिन आसमान से भी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पैराग्लाइडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
क्रिकेट प्रेमियों को जाम से बचाने के लिए प्रशासन ने एक विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान तैयार किया है:
वन-वे ट्रैफिक: मैच के दिन मटौर से चैतडू वाया बगली धर्मशाला आने के लिए ट्रैफिक को वन-वे किया जाएगा। इसी तरह धर्मशाला जाते हुए शीला ढगवार रोड भी वन-वे रहेगा। पालमपुर और कांगड़ा के लिए गाड़ियां यहीं से जाएंगी। यह व्यवस्था सुबह 9:00 या 11:00 बजे से लागू कर दी जाएगी।
पार्किंग की व्यवस्था: वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जा सकेगा। इनमें पुलिस मैदान धर्मशाला, सचिवालय, दाड़ी मेला मैदान, जोरावर स्टेडियम, चीलगाड़ी रोड, सैनिक रेस्ट हाउस और डीआईजी कार्यालय के साथ की जगहें शामिल हैं।
दर्शकों के लिए शटल बस सुविधा
मैच के दिन ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए और दर्शकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने शटल बसों की विशेष व्यवस्था की है। क्रिकेट प्रेमी अपनी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी करने के बाद इन शटल बसों के जरिए आसानी से स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
मनोज ठाकुर

