-
Advertisement
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन, रामपुर में कल चतुर्वाषिक श्राद
Virbhadra Singh: हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की आज जयंती है। इस अवसर पर उन्हें आज राजीव भवन शिमला में श्रद्धांजलि दी गई। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा और मेयर सुरेंद्र चौहान समेत कांग्रेस के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान 2 मिनट का मौन भी रखा गया।
रामपुर में वीरभद्र सिंह का चतुर्वाषिक श्राद्ध
वीरभद्र सिंह को आज राजीव भवन में श्रद्धांजलि दी गई और कल मंगलवार को रामपुर में वीरभद्र सिंह का चतुर्वाषिक श्राद है। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने इसके लिए प्रदेशभर के लोगों को आमंत्रित किया है।
15 जुलाई को प्रतिमा का अनावरण
वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रिज पर आज अनावरण किया जाना था। मगर राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा के बाद अब 15 जुलाई को प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा, प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी समेत कई बड़े राष्ट्रीय नेता, हिमाचल के सीएम और कैबिनेट मंत्री भाग लेंगे। रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। अब इसका अनावरण बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का एक समान विकास ही वीरभद्र सिंह का लक्ष्य था उनके पद चिन्हों पर चलते हुए हमें प्रदेश को विकास की राह पर आगे ले जाना है।
संजू चौधरी
