-
Advertisement
हिमाचल में घने कोहरे का येलो अलर्ट, कांगड़ा सहित 7 जिलों को चेतावनी
संजू/शिमला। हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, (Kangra) बिलासपुर सहित मंडी, सिरमौर और सोलन के निचले इलाकों में 5-6 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 10 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
पर्यटकों को सरकार की सलाह
प्रदेश के मैदानी जिलों में घनी धुंध (Fog) पड़ रही है जिस वजह से ठंड काफी बढ़ गई है। घने कोहरे को कारण धूप नाममात्र ही खिल रही है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सरकार ने स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी है। घने कोहरे के कारण कई जगह विजिलिबिटी 50 मीटर तक गिर गई है। खासकर मंडी के नेरचौक, ऊना और सोलन के बद्दी में कोहरा लोगों को ज्यादा परेशान कर रहा है।
बर्फबारी की उम्मीद नहीं, सैलानी मायूस
वहीं, पूरे देश से बड़ी संख्या में सैलानी (Tourist) बर्फ देखने के लिए हिमाचल प्रदेश का रूख कर रहे हैं। लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो अभी तक बर्फबारी की कोई उम्मीद नहीं है। आमतौर पर जनवरी में शिमला, मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा जिले की ऊंची चोटियां बर्फ से ढकनी शुरू हो जाती थी। मगर इस बार लाहौल स्पीति के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़कर कहीं भी बर्फ नहीं गिरी है। जिसके चलते सैलानी अब तक मायूस हैं।
घने कोहरे से घिरे मैदानी इलाके
मैदानी इलाके (Plain Areas) घने कोहरे से घिरे हुए हैं, जिससे ठंड बहुत बढ़ गई है। कोहरे की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिमला का न्यूनतम तापमान बीती रात को 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि सुंदरनगर का 1.2 डिग्री, ऊना 1.7 डिग्री, मंडी का 1.1 डिग्री, कांगड़ा का 3.6 डिग्री, पालमपुर का 2.4 डिग्री, सोलन का 0.6 डिग्री तक और चंबा का न्यूनतम पारा 3.8 डिग्री तक गिर गया है।