-
Advertisement
कांगड़ा को छोड़ हिमाचल में Private Bus सेवा ठप-ऑपरेटर गए हड़ताल पर
शिमला। हिमाचल (Himachal) में आज अधिकांश स्थानों पर निजी बसों (Private Buses) के पहिए थमे हुए हैं। इसके पीछे कारण यह है कि आज से प्रदेश के कुछ निजी बस ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस हड़ताल में कुछ ऑटो व टैक्सी चालक यूनियनें भी शामिल है। वहीं, कांगड़ा (Kangra) जिला में हड़ताल का असर कम ही देखने को मिला। इसका कारण बस ऑपरेटरों के गुटों में बंटे होना है। इससे पहले निजी बस ऑपरेटर की सरकार के साथ हुई बातचीत बेनतीजा रही, जिसके बाद से निजी बस ऑपरेटर यूनियन (Private Bus Operators Union) ने हड़ताल (Strike)पर जाने का ऐलान कर दिया। आज की हड़ताल के चलते एचआरटीसी ने अतिरिक्त बसें चलाई हैं।
यह भी पढ़ें: तीन मई से नहीं चलेंगी निजी बसें, RTO बोले- ना करें ऐसा, हड़ताल करें स्थगित

बता दें कि निजी बस ऑपरेटर यूनियन लंबे समय से सरकार से टोकन टैक्स (Token Tax), स्पेशल रोड टैक्स (Special Road Tax) माफ करने और वर्किंग कैपिटल की घोषणा पूरा करने की मांग कर रही है। पर ऑपरेटरों की ये मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। पिछले माह ही निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने आर पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया था। सरकार को मांगें माने जाने के लिए रविवार यानी 2 मई तक का समय दिया था। साथ ही ऐलान किया था कि मांगों पर गौर नहीं किया गया तो तीन मई से हड़ताल शुरू होगी। हिमाचल निजी बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा कि आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हुई है । बस ऑपरेटर बसें नहीं चलाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को मांगें मानने के लिए समय दिया था, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका है।
यह भी पढ़ें: 3 मई को निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल को टैक्सी वालों का समर्थन-सरकार बोली मत करो Strike
जिला कांगड़ा निजी बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष हैप्पी अवस्थी, उपाध्यक्ष शिव राम चौधरी, सचिव अनुज बलौरिया, जसूर इकाई के प्रधान बलदेव सिंह जग्गी, शाहपुर इकाई के अध्यक्ष बिंदू राणा व संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रवीण दत्त का कहना है कि वह इस हड़ताल को समर्थन नहीं दे रहे हैं। जिला कांगड़ा निजी बस ऑपरेटर यूनियन अध्यक्ष हैप्पी अवस्थी ने कहा कि कोरोना (Corona) के चलते हिमाचल में हालात ठीक नहीं है। ऐसे में यह उचित समय नहीं था हड़ताल करने का। अगर स्थिति ठीक होती तो सरकार के समक्ष अपनी बात रख सकते थे। एक तो कोरोना के चलते लोग वैसे ही परेशान हैं और उपर से हम बसें ना चला कर उन्हें महंगे दामों पर टैक्सियों करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर (Transport Minister Bikram Thakur) भी इस वक्त कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। उन्होंने उनके जल्द स्वास्थ्य होने की कामना की है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


