-
Advertisement
किसानों से मिलने ललितपुर पहुंची प्रियंका गांधी, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
Last Updated on October 29, 2021 by admin
ललितपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को ललितपुर पहुंची। प्रियंका गांधी ने ललितपुर, बुंदेलखंड में पीड़ित किसान परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा साझा की। नयागांव के पचास वर्षीय भोगीलाल पाल की एक उर्वरक की दुकान के बाहर कतार में खड़े होने के दौरान हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई थी। बताया जाता है कि वह दो दिन से खाद खरीदने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।प्रियंका गांधी पाल के घर पहुंचीं और परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत की।कांग्रेस महासचिव ने किसान के घर में लगभग 40 मिनट बिताए और परिवार को आश्वासन दिया कि वह न केवल उचित मंच पर इस मुद्दे को उठाएंगी बल्कि हर संभव मदद भी करेंगी।उन्होंने अन्य किसानों से भी मुलाकात की जिन्होंने उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में बताया।
कांग्रेस महासचिव श्रीमती @priyankagandhi जी ने खाद की लाइन में भाजपाई अव्यवस्था का शिकार होकर प्राण गंवाने वाले किसानों की बेटी के दर्द को करीब से समझा और संवेदना व्यक्त की।
प्रियंका गांधी जी ने किसान परिवारों के कर्ज की अदायगी का वादा किया। pic.twitter.com/e5YjagAepe
— Congress (@INCIndia) October 29, 2021
बताया जा रहा है कि खाद की कमी के चलते लाइन में खड़े-खड़े किसानों की मृत्यु हो गई थी। खाद के लिए दूर दूर से किसान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। खाद ना मिलने के चलते परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली थी । सभी किसानों ने खेती के लिए भारी- भरकम कर्ज लिए थे और सरकार की नीतियों के चलते कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे थे। खाद न मिलना, मुआवजा न मिलना और फसल बर्बादी से किसानों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। प्रिंयंका ट्रेन से ललितपुर गई । रेलवे स्टेशन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप आदित्य जैन सहित कई कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनका काफिला पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां कुछ देर रुकने के बाद वे मृतक किसानों के परिवार से मिलने पहुंची।
ट्रेन से ललितपुर रवाना होने के लिए गुरुवार रात राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं प्रियंका ने कुलियों से मुलाकात की। कुलियों ने उन्हें अपनी जीविका से जुड़ी समस्या के बारे में बताया। कोरोना महामारी के दौरान सरकारी उपेक्षा का भी जिक्र किया। इस दौरान प्रियंका ने उन्हें सरकार आने पर हर संभव देने का भरोसा भी दिलाया।