-
Advertisement
राहुल बोलेः देश में 4 लोगों की डिक्टेटरशिप,जितना बोलूंगा- उतना मुझ पर आक्रमण होगा
Last Updated on August 5, 2022 by sintu kumar
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी आज महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर लगी जीएसटी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन करने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी(Rahul Gandhi) ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र की जो मौत हो रही है क्या लगता है आपको, क्या महसूस हो रहा है? इस देश ने जो 70 साल में बनाया उसे 8 साल में खत्म कर दिया, देश में लोकतंत्र नहीं, 4 लोगों की डिकटेटरशिप (Dictatorship) चल रही है। उन्होंने आगे कहा, “हम महंगाई का मुद्दा उठाना चाहते हैं, चर्चा करना चाहते, लेकिन हमें हिरासत में लिया जा रहा है और सदन में भी चर्चा नहीं करने दे रहे हैं।”कांग्रेस नेता ने कहा- मैं जितना सच बोलता जाऊंगा, उतना ही मुझ पर आक्रमण होगा। लेकिन मैं अपना काम करूंगा, महंगाई पर बात करूंगा, बेरोजगारी पर बात करूंगा। जितना इन सबके खिलाफ बोलूंगा, उतना मुझ पर आक्रमण होगा। ये सिर्फ हमारे लिए नहीं है। सभी के साथ है, जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसे केंद्रीय एजेंसियों से डराया जाता है। यह बात लोगों को अभी समझ नहीं आ रही है, लेकिन एक दिन समझ आएगी।
प्रदर्शन में राहुल-प्रियंका भी शामिल होंगे
पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता दो तरफा प्रदर्शन करेंगे जिसमें पहला तय कार्यक्रम के तहत सभी सांसद राष्ट्रपति भवन की ओर कूच करेंगे, इससे पहले संसद में इस मुद्दे को उठाएंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, हम राष्ट्रपति से मुलाकात कर हालातों को बताएंगे। दूसरी तरफ से कांग्रेस के बाकी महासचिव, प्रभारी और कार्यकर्ताओं का एक जत्था प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने निकलेगा, प्रदर्शन में राहुल-प्रियंका भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने राज्यों में राजभवन घेराव का कार्यक्रम का भी ऐलान किया है, तो वहीं जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में भी वे प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को पत्र लिख कर जानकारी दी है की जंतर मंतर को छोड़कर पूरी नई दिल्ली इलाके में 144 धारा लागू है लिहाजा किसी तरह के प्रोटेस्ट की परमिशन नहीं दी जा सकती है, अगर 144 धारा का उल्लंघन हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी विरोध के आह्वान से पहले, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को छोड़कर नई दिल्ली जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है। पार्टी ने शुक्रवार को अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन करने और पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आवासों के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इसका खंडन किया था।दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद, पार्टी नेताओं ने कहा कि वे अपने प्रस्तावित विरोध मार्च के साथ आगे बढ़ेंगे।इस बीच पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचने लगे हैं। पुलिस ने भी कड़ी निगरानी रखी है और पार्टी मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी है। इस वक्त कांग्रेस मुख्यालय के अंदर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं।
–आईएएनएस