-
Advertisement
हिमाचल: टिप्पर ने कुचला बाइक सवार, चालक मौके से फरार
Last Updated on July 18, 2022 by Vishal Rana
ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के हरोली उपमंडल में 62 वर्षीय बुजुर्ग को रौंदे जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना के संबंध में स्थानीय पंचायत के प्रधान सतनाम सिंह की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के जिम्मेदार अज्ञात टिप्पर चालक की धरपकड़ के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें-हिमाचल: पेड़ ने बचाई कई जिंदगिया, खाई में गिरने से बची एचआरटीसी की बस
जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुए पंजाब के होशियारपुर जिला की गढ़शंकर तहसील के शाहपुर गांव निवासी जोगिंदर सिंह पुत्र रेशम सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस को दी शिकायत में गोंदपुर बूला के पंचायत प्रधान सतनाम सिंह ने बताया कि उन्हें बाद दोपहर गांव के ही एक युवक ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि उनके किसी रिश्तेदार के साथ गांव के ही पार्क के पास हादसा पेश आया। इस घटना में पीड़ित की टांग पर गहरी चोट आई है।
मामले की जानकारी मिलने के वक्त सतनाम सिंह पंचायत घर में मौजूद थे और उन्होंने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को संभाला। घायल जोगिंदर सिंह की हालत गंभीर होने के चलते सतनाम सिंह फौरन उसे किसी निजी वाहन के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलैहड़ के लिए रवाना हो गए। रास्ते में घायल जोगिंदर सिंह ने सतनाम सिंह को बताया कि उन्हें किसी अज्ञात टिप्पर चालक ने टक्कर मारी है, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक जोगिंदर सिंह लकड़ी का काम करता था और घटना के समय वह हिमाचल से वापस अपने घर पंजाब की तरफ बाइक नंबर पीबी 24सी7810 पर लौट रहा था।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page
Tags