-
Advertisement
रोहित की तो निकल पड़ी, मैच का पहला छक्का जड़ते ही अफरीदी का यह रिकॉर्ड तोड़ डाला
Last Updated on November 20, 2021 by Piyush
नई दिल्ली। टीम इंडिया (Team India) के टी20 कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 36 गेंद पर 55 रनों की जबरदस्त पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कीवियों के खिलाफ पांच छक्के भी ठोके। रोहित शर्मा ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर एडम मिल्ने की बॉलिंग पर पुल शॉट खेलकर छक्का लगाया, इस छक्के के साथ ही ‘बूम-बूम अफरीदी’ यानी पाकिस्तानी विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को तोड़ डाला।
रोहित शर्मा ने इंटरनैशनल क्रिकेट में सबसे तेज 450 छक्के लगाने के मामले में रोहित ने अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने 404वीं पारी में यह कारनामा कर दिखाया। जबकि अफरीदी को यहां तक पहुंचने के लिए 487 पारियां लगी थी। वहीं, इंटरनैशनल क्रिकेट में 450+ छक्के लगाने के मामले में रोहित इकलौते भारतीय हैं।
यह भी पढ़ें: AB de Villiers ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास, अब लीग भी नहीं खेलेंगे मिस्टर 360, कहा- थैंक्यू इंडिया
ओवरऑल बात करें, तो उनसे आगे क्रिस गेल और अफरीदी ही हैं। गेल के खाते में 553 इंटरनैशनल छक्के हैं, जबकि अफरीदी ने कुल 476 छक्के लगाए हैं। रोहित की बात करें तो अब उनके खाते में कुल 454 इंटरनैशनल छक्के दर्ज हो गए हैं। रोहित ने 43 टेस्ट मैचों में 63, 227 वनडे इंटरनैशनल मैचों में 244 और 118 टी20 इंटरनैशनल मैचों में 147 छक्के लगाए हैं। रोहित ने दूसरे टी20 इंटरनैशनल मैच में मिल्ने की गेंद पर दो, जबकि मिचेल सैंटनर की गेंद पर तीन छक्के लगाए। रोहित के फॉर्म को देखकर ऐसा लगता है कि वह जल्द ही शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को ब्रेक कर देंगे।
सबसे ज्यादा टी20 इंटरनैशनल छक्कों की बात करें तो इस मामले में रोहित दूसरे नंबर पर हैं। रोहित से आगे न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल हैं। गप्टिल ने 111 मैचों में कुल 161 छक्के लगाए हैं, जबकि रोहित ने 118 मैचों में 147 छक्के जड़े हैं। टी20 इंटरनैशनल में सबसे ज्यादा छक्कों के मामले में तीसरे नंबर पर गेल हैं, जिन्होंने 124 छक्के लगाए हैं। रोहित अगर इस सीरीज के आखिरी मैच में खेलते हैं और तीन छक्के लगा लेते हैं, तो भारत की ओर से 150 टी20 इंटरनैशनस छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।