-
Advertisement
Rohtang Pass चार दिन बाद बहाल, पांगी-किलाड़ व लाहुल घाटी से 150 वाहन पहुंचे कोकसर
मनाली। खराब मौसम और बर्फबारी के चलते चार दिन बंद रहा रोहतांग दर्रा बुधवार को बीआरओ ने बहाल कर दिया है। रोहतांग दर्रा (Rohtang Pass) बहाल होने से कुल्लू-मनाली में फंसे किलाड़, पांगी के विद्यार्थियों सहित लाहुल घाटी (Lahul Valley) के किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है। रोहतांग मार्ग बर्फ़बारी के बाद हिमखंड गिरने व भूस्खलन होने के कारण चार दिन से बंद था। रोहतांग से राक्षी ढांक तक भारी हिमखंड गिरा था, जिसे हटाने में बीआरओ को तीन दिन का समय लग गया। इसके बाद आज रोहतांग दर्रा बहाल होने से पांगी, किलाड़ व लाहुल घाटी के 150 वाहन दर्रा पार कर कोकसर पहुंचे।
आज टैक्सियों को नहीं भेजा गया। मनाली की ओर से प्राइवेट वाहन ही दर्रा पार कर लाहुल पहुंचे। गुरुवार से टैक्सियां लोगों को लेकर लाहुल जाएंगी। लाहुल जाने वाले लोगों की पहले कोठी में स्वास्थ्य जांच की गई तथा कोकसर पहुंचने पर भी उनका स्वास्थ्य जांचा गया। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि मनाली-केलंग मार्ग को बहाल कर लिया है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि रोहतांग दर्रा बहाल होते ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। आगे भी दर्रे में वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

