-
Advertisement
रोनाल्डो का अधूरा सपना: छठे वर्ल्ड कप से रोते हुए बाहर हुए CR7, स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराया
FIFA World Cup 2026: पुर्तगाल के 41 वर्षीय महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पूर्व चैंपियन स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अपने छठे और आखिरी वर्ल्ड कप मैच की समाप्ति पर रोनाल्डो अपनी आंखों में आंसू लिए मैदान से बाहर निकले। इस हार के साथ ही पुर्तगाल और रोनाल्डो का इस वर्ल्ड कप का सफर खत्म हो गया।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर ‘ठंडे दिमाग से लेंगे फैसला’
41 साल की उम्र में अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलने वाले रोनाल्डो ने अभी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान नहीं किया है। अपने भविष्य को लेकर उन्होंने कहा, “मैं पहले अपने परिवार से मिलूंगा और उसके बाद ठंडे दिमाग से कोई फैसला लूंगा।” सोशल मीडिया पर 100 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाले रोनाल्डो की इन भावुक तस्वीरों ने दुनिया भर के प्रशंसकों को मायूस कर दिया है।
अधूरे सपने के बीच बेमिसाल रिकॉर्ड्स का सफर
भले ही रोनाल्डो वर्ल्ड कप की ट्रॉफी नहीं उठा सके, लेकिन फुटबॉल इतिहास में उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं जिन्हें तोड़ना नामुमकिन सा है 6 वर्ल्ड कप में गोल: रोनाल्डो दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने करियर के सभी 6 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में गोल दागे हैं।सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच: उन्होंने पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा 233 मैच खेले हैं।इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा गोल: उनके नाम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा 146 गोल दर्ज हैं।वर्ल्ड कप में कुल गोल: रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप इतिहास में कुल 11 गोल किए हैं और वह महान खिलाड़ी पेले से ठीक नीचे 9वें स्थान पर हैं।
मेडिकल साइंस को मात देने वाला ‘GOAT’
पांच बार ‘बैलन डीओर’ (सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर) का खिताब जीतने वाले रोनाल्डो ने इस मौजूदा वर्ल्ड कप में 3 गोल किए। हालांकि, अपने करियर के सभी 6 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में वह केवल 1 गोल ही कर पाए। 41 साल की उम्र में मेडिकल साइंस को चुनौती देते हुए 23 साल तक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खेलने वाले CR-7 (क्रिस्टियानो रोनाल्डो) भले ही अपना एक ख्वाब पूरा न कर पाए हों, लेकिन दुनिया भर के करोड़ों फैंस के लिए वह हमेशा ‘ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (GOAT) बने रहेंगे।
पंकज शर्मा

