- Advertisement -
मुंबई। बॉलिवुड एक्टर ऋतिक रोशन के पिता और डायरेक्टर राकेश रोशन पर साल 2000 में हुए हमले में शामिल एक अपराधी और शार्पशूटर को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। सेंट्रल क्राइम यूनिट के सीनियर इंस्पेक्टर अनिल होनराव ने बताया कि बॉलीवुड डायरेक्टर राकेश रोशन पर साल 2000 में हमला करने वाले शार्प शूटर सुनील गायकवाड़ को ठाणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया है। परोल तोड़ने के करीब तीन महीने बाद गायकवाड़ की गिरफ्तारी हुई है। उसके खिलाफ हत्या के 11 और हत्या की कोशिश के 7 केस दर्ज हैं। इनमें से एक मामला साल 2000 में बॉलिवुड डायरेक्टर राकेश रोशन पर किया गया जानलेवा हमले का मामला भी है।
पुलिस द्वारा बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि गायकवाड पारसिक सर्किल इलाके में आ रहा है। हमने जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। बक़ौल पुलिस, ‘रोशन को जनवरी 2000 में मुंबई में उनके सांता क्रूज कार्यालय के बाहर गोली मारी गई थी। हमलावरों ने छह गोलियां चलाई थीं, जिनमें से दो गोलियां रोशन को लगी थीं।’ गायकवाड को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा मिली थी और वह नासिक केंद्रीय जेल में बंद था। वह 28 दिन के पैरोल पर इस साल 26 जून को बाहर आया था। उन्होंने कहा कि पैरोल का समय पूरा होने के बाद उसे जेल लौटना था, लेकिन वह लौटा नहीं। उसे कल रात गिरफ्तार किया गया। तब तक वह फरार था।
आरोपी 1999 और 2000 में सक्रिय था और कई अपराधो में शामिल था। वह अली बुदेश और सुभाष सिंह ठाकुर के बदमाश गिरोहों में शामिल था। इसी दौरान वह नासिक में हुई एक डकैती में भी शामिल था, जहां उसने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की थी। अब गायकवाड को पंत नगर पुलिस को सौंपा जाएगा, जहां उसके फरार होने का मामला दर्ज किया गया है।
- Advertisement -