-
Advertisement
बेंगलुरु से हिमाचलियों को लेकर 13 को Una पहुंचेगी Special Train, प्रशासन ने जांची व्यवस्था
ऊना। कोरोना संकट के बीच बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचलियों के लिए राहत की बात यह है कि उनकी घर वापसी हो रही है। देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हिमाचलियों को लेकर 13 मई को बेंगलुरु से एक विशेष ट्रेन ऊना रेलवे स्टेशन (Una Railway Station) पर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 24 कोच लगाए गए हैं, जिसमें सवार हो कर करीब 1400 यात्री ऊना पहुंचेंगे। यहां से इन को प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजने की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। एडीसी ऊना अरिंदम चौधरी ने रेलवे स्टेशन पर तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उचित दिशा-निर्देश भी दिए।
जाहिर है बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचलियों (Himachali) की घर वापसी के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए है। कोटा, चंडीगढ़ और जालंधर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में लॉक डाउन के दौरान फंसे हिमाचलियों की वापसी हुई है। अब बेंगलुरु से करीब 1400 हिमाचलियों को लेकर ट्रेन 13 मई को ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। 24 कोच वाली इस ट्रेन से हिमाचल के विभिन्न जिलों के लोग आ रहे है, जिन्हें ऊना रेलवे स्टेशन से एचआरटीसी की बसों से उनके गृह जिलों तक पहुंचाया जाना है। ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद इन यात्रियों के मेडिकल परीक्षण सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आज प्रदेश सरकार से जिला प्रशासन की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग की मार्किंग, बसें पार्क करने, यात्रियों को खाने के पैकेट को लेकर लगभग तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। एडीसी ऊना अरिंदम चौधरी ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच तैयारियों का जायजा लिया और काम में जुटे अधिकारीयों व कर्मचारियों को उचित दिशा निर्देश भी दिए। एडीसी अरिंदम चौधरी ने बताया कि 13 मई को ट्रेन ऊना पहुंचेगी जिसकी व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

