-
Advertisement
दिल्ली से ऊना आ रही जनशताब्दी ट्रेन पर फेंके पत्थर, यात्रियों में दहशत
Stone Pelting at Jan Shatabdi Train: जिला ऊना में ट्रेन पर फिर पथराव हुआ है। ऊना से दिल्ली आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस (12057) पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके। इस पथराव में यात्री बाल-बाल बच गए। ट्रेन जब रूपनगर रेलवे स्टेशन से करीब 100-200 मीटर की दूरी पर थी, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके, जिससे कोच डी9 की विंडो सीट नंबर 48 की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि जिस यात्री की यह सीट थी, उन्होंने ऐन वक्त पर सीट बदल ली थी। हार्दिक शर्मा निवासी अरनियाला (ऊना) ने बताया कि वह सीट नंबर 48 पर बैठे थे लेकिन कुछ समय पहले ही दो पंक्तियां आगे की सीट पर शिफ्ट हो गए थे। इस कारण उनकी जान बाल-बाल बची। खिड़की के पास बैठी एक महिला यात्री भी सुरक्षित रहीं। लेकिन टूटे हुए कांच के टुकड़े सीट पर बिखरे मिले, जो इस घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं।
अभी तक पकड़े नहीं गए पत्थर मारने वाले
घटना के तुरंत बाद हार्दिक शर्मा ने एक्स पर इस बारे में पोस्ट कर भारतीय रेलवे, आरपीएफ अंबाला डिवीजन, डीआरएम अंबाला और नार्दन रेलवे को टैग किया। अधिकारियों ने मामले पर ध्यान दिया और कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन फिलहाल तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस और आरपीएफ की तरफ से फोन जरूर आए, पर पत्थरबाजी करने वालों को अब तक पकड़ा नहीं गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों में दहशत है। खासकर ऊना से दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेनों पर सफर करने वाले लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा अभी तक इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
सुनैना जसवाल
