-
Advertisement

क्रिसमस के बाद सुक्खू, प्रतिभा और सुधीर शर्मा दिल्ली तलब; राजेंद्र राणा भी जाएंगे
लेखराज धरटा/शिमला। कांग्रेस आलाकमान (Congress High Command) ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत सभी कैबिनेट मंत्रियों (Cabinet Ministers) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (HPCC Chief Pratibha Singh) को क्रिसमस के बाद दिल्ली तलब किया है। साथ में हाल के हिमाचल विधानसभा सत्र में रुखे-रुखे से नजर आने वाले विधायक सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा (Sudhir Sharma And Rajendra Rana) को भी दिल्ली बुलाया गया है। इस कवायद से कड़कती ठंड में हिमाचल प्रदेश के सियासी तापमान में उछाल आ गया है। बैठक 27 दिसंबर को होनी है।
सुजानपुर से दिग्गज नेता राजेंद्र राणा और धर्मशाला से सुधीर शर्मा दोनों ही कैबिनेट मंत्री (Cabinet Minister) बनने की दौड़ में थे, लेकिन मंत्री नहीं बन पाए। दोनों की यह कसक हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र (Winter Session Of Himachal Assembly) में भी दिखी। माना जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान सभी को दिल्ली बुलाकर आने वाले लोकसभा चुनाव के नजदीक होने को देखते हुए पार्टी में एकजुटता बनाए रखने का संदेश देना चाहेगा।
संगठनात्मक सर्जरी और गारंटियों पर हो सकती है बात
फिलहाल हिमाचल कैबिनेट में केवल एक ही मंत्रिपद खाली है। ऐसे में सीएम सुक्खू के लिए यह तय करना आसान नहीं होगा कि वे दो नाराज विधायकों में से किसे मंत्री बनाएं और किसे नहीं। इसके अलावा हिमाचल कांग्रेस के संगठन (Party Organization) में बदलाव के अहम संकेत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यों के प्रभारियों में बदलाव करते हुए दिए हैं। हालांकि राजीव शुक्ला एक बार फिर हिमाचल के प्रभारी बने हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने बीते दिनों संगठन में निष्क्रिय नेताओं को लेकर जो असंतुष्टता दिखाई थी, लगता है आलाकमान उसे लेकर संगठनात्मक सर्जरी का कोई बड़ा फैसला ले सकता है। कई बोर्ड व निगमों में भी तैनाती होनी है। साथ ही प्रदेश सरकार को पार्टी द्वारा चुनाव में दी गई गारंटियां भी पूरे करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
यह भी पढ़े:#FlashBack 2023 व्यवस्था परिवर्तन की राह पर अटल रहा हिमाचल का गुजरता हुआ साल
पेंडिंग थी यह मीटिंग: प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हाईकमान ने सभी को दिल्ली बुलाया है। ऐसी मीटिंग सभी राज्यों के साथ हो रही है। हिमाचल प्रदेश की यह बैठक काफी समय से पेंडिंग थी।