-
Advertisement
Corona in India – कोरोना मरीजों का आंकड़ा 67 हजार के पार, 2,206 की गई जान
नई दिल्ली। भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 67 हजार के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना के कुल कंफर्म केस 67,152 है, जिसमें 2,206 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20,917 लोग ठीक हो चुके हैं। भारत के कुल मरीजों में से करीब एक तिहाई संक्रमित अकेले महाराष्ट्र में हैं। रविवार शाम 7 बजे तक देश में कोरोना के कुल 62 हजार 939 मरीज हैं, जिनमें से 20 हजार 228 महाराष्ट्र के हैं। देश में अब तक 2109 लोगों वायरस की चपेट में दम तोड़ा है, जिनमें से महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 779 की है। यानी लगभग 37 फीसदी। मुंबई के हालात तो और भी ज्यादा खतरनाक हैं। अकेले मुंबई में 12 हजार 864 कोरोना पॉजिटिव है और अब तक देश के सबसे बड़े शहर में 489 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
महाराष्ट्र के बाद गुजरात में ही कोरोना के सबसे ज्यादा 7 हजार 796 मरीज हैं। यहां भी अहमदाबाद गुजरात का कोरोना सेंटर बना हुआ है, जहां कुल 5 हजार 540 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। हालांकि इस बीच आईसीएमआर ने तय किया है कि जिन बिना लक्षण वाले मरीजों को 3 दिन तक बुखार नहीं आता है, उन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी और इसके तहत अहमदाबाद के सिविल अस्पताल से 100 लोगों को डिस्चार्ज किया गया।