-
Advertisement
चाय बनाते सिलेंडर ने पकड़ी आग, देखते ही देखते जल गया पूरा मकान
चंबा। जिला चंबा के एक गांव में आज सुबह एक मकान जल कर राख हो गया जबकि साथ लगते मकान को भी आंशिक नुकसान हुआ है। आग लगने की यह घटना विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत बकाण के भजलुई गांव में हुई। आग लगने का कारण सिलेंडर फटना बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह करीब छह बजे हाको राम चाय बनाने के लिए रसोइघर में गया। इस दौरान जब वह गैस चूल्हा जलाने लगा तो अचानक सिलेंडर ने एकदम से आग पकड़ ली। हाको काम ने फुर्ती से रसोइघर से सिलेंडर तो बाहर निकाल लिया लेकिन इसके बाद पूरे रसोइघर ने आग पकड़ ली। आग लगने इस पर परिवार के अन्य सदस्यों सहित ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए तथा आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।
यह भी पढ़ें हिमाचल की युवती की अमृतसर में मौत, नशे की ओवरडोज बना कारण
देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया तथा पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस पर लोगों ने पुलिस व प्रशासन को भी सूचित कर दिया। कुछ ही देर में आग ने साथ लगते लहर सिंह के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस पर ग्रामीणों ने लहर सिंह के मकान की दीवार को गिरा दिया, जिसके बाद आग पर कुछ हद तक काबू पाया गया। उधर, पंचायत प्रधान सुनो देवी ने बताया आग लगने की जानकारी मिलते ही उन्होंने प्रशासन व पुलिस को सूचित कर दिया गया था। मौके का जायजा लिया जा रहा है। वहीं, नायब तहसीलदार धरवाला हंसराज ने बताया कि आग लगने के बारे में सूचना मिलते ही संबंधित पटवारी व कानूनगो को मौके पर भेज दिया है। आग से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

