-
Advertisement

Landslide: अश्वनी खड्ड के निकट मकान पर हुआ लैंडस्लाइड, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
Landslide:लेख राज धरटा/ शिमला। शिमला में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। शिमला के तहत जुन्गा मार्ग पर अश्वनी खड्ड के निकट (Ashwani Khad) आज सुबह 6:15 बजे के करीब लैंडस्लाइड (landslide) हुआ है। क्रशर साइट के पास हुए इस लैेडस्लाइड में मकान के अंदर सो रहे दो मजदूरों की दब कर मौत हो गईऔर 5 लोग घायल है। । डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने मौके पर पहुंच कर हालत का जायजा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही बचाव कार्य के लिए पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ और होम गार्ड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अग्निशमन और होम गार्ड के जवानों के सहयोग से लगभग एक घंटे में ही शवों को मलबे से बरामद किया। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय राकेश और 36 वर्षीय राजेश कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, घायलों में 18 वर्षीय राहुल कुमार, 42 वर्षीय मेघ साहनी, 35 वर्षीय बैजनाथ राम, 45 वर्षीय अशोक राम निवासी बिहार और 20 वर्षीय टोनी कुमार निवासी चम्बा शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों को अंतरिम राहत प्रदान कर दी गई है।डीसी अनुपम कश्यप ने घटना में सुरक्षित निकले मजदूरों से बातचीत की और उनके साथियों की इस हादसे में मृत्यु हो जाने पर उन्हें ढांढस बंधाया। उपायुक्त ने पुलिस, एसडीआरएफ, फायर और होम गार्ड के बचाव कार्यों में बेहतर प्रयासों की सराहना की।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि दो मजदूरों की दबने से मौत हुई है। पांच को बचा लिया गया है। मृतक मजदूरों की शिनाख्त कर ली गई है। इनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टतया यह लैंडस्लाइड के कारण हादसा सामने आया है औऱ इसकी जांच की जा रही है।