-
Advertisement
Himachal में कोरोना का आंकड़ा पहुंचा 80, दो नए मामले आए सामने
हमीरपुर। एक तरफ जहां पिछले 24 घंटे में पांच पॉजिटिव मरीज कोरोना से जंग जीत चुके हैं। वहीं, हमीरपुर (Hamirpur) जिला में दो नए मामले सामने आए हैं। नादौन (Nadaun) उपमंडल के ग्वाल पत्थर क्षेत्र के दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाए गए हैं। एक 35 वर्षीय युवक 12 मई को मुंबई (Mumbai) को लौटा है। वहीं दूसरा 59 वर्षीय व्यक्ति 13 मई को मुंबई से लौटा है। यह दोनों क्वारंटाइन (Quarantine) में थे। इनके सैंपल लेकर आईएचबीटी पालमपुर में जांच के लिए भेजे थे, जहां दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। दो कोरोना पॉजिटिव मामले आने की पुष्टि सीएमओ हमीरपुर अर्चना सोनी ने की है।
यह भी पढ़ें: रोपड़ में कोरोना पॉजिटिव निकला व्यक्ति, Nalagarh के पल्लेदार का परिवार क्वारंटाइन
इन दो मामलों के साथ हमीरपुर में एक्टिव केस (Active Case) 7 हो गए हैं। कुल आंकड़ा 10 पहुंच गया है। इनमें से दो मरीज ठीक हो चुके हैं व एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हुई है। व्यक्ति बड़सर क्षेत्र के गलोड के नजदीकी गांव हटली का निवासी था और दिल्ली से लौटा था। हिमाचल में कोरोना का आंकड़ा 80 पहुंच गया है। एक्टिव मरीज 33 हो गए हैं। अभी तक 44 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसमें चार मरीज हिमाचल के बाहर चले गए थे वह भी शामिल हैं। हिमाचल में अब तक कोरोना से तीन की मौत हुई है।
7 अन्य लोगों के साथ लौटे थे कोरोना पॉजिटिव
डीसी हरिकेश मीणा ने कहा कि नादौन उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्वाल पत्थर में दो व्यक्तियों के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से एक ग्वाल पत्थर पंचायत के करड़ी गांव तथा दूसरा इसी पंचायत के तियोंगली गांव से संबंधित है। 16 मई को इन दोनों व्यक्तियों के नमूने जांच हेतु लिए गए थे और आज सायं इनकी रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से करड़ी गांव का 35 वर्षीय व्यक्ति 12 मई को मुंबई से पांच अन्य लोगों के साथ लौटा था, जिनमें इसकी पत्नी व रिश्ते में भाई तथा तीन अन्य व्यक्ति शामिल हैं। मुंबई से लौटने के बाद यह व्यक्ति घर में ही क्वारंटाइन था।
संबंधित क्षेत्र को सील करने के निर्देश जारी
तियोंगली गांव का 59 वर्षीय व्यक्ति 13 मई को मुंबई से टैक्सी में वापस आया था और गुग्गा मंदिर क्वारंटाइन केंद्र में रखा गया था। यह टैक्सी मानपुल (नादौन) के ही एक व्यक्ति की है। टैक्सी में उसके साथ बतराण व नारा गांव के दो अन्य व्यक्ति भी आए हैं। इनके अन्य प्राथमिक एवं द्वितिक संपर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसडीएम नादौन को संबंधित क्षेत्रों को सील (बंद) करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

