-
Advertisement
अवैध खनन माफिया पर ऐसे लगाम लगाएगी ऊना पुलिस, एक्शन प्लान तैयार
ऊना। जिला ऊना में खनन का काला कारोबार लगातार पांव पसारता जा रहा है। यहां तक कि खनन की शिकायतों को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल भी ऊना में दस्तक दे चुकी है। खनन के मामलों पर लगातार हो रही किरकिरी के बाद ऊना पुलिस ने खनन माफिया (Mining Mafia) पर शिकंजा कसने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है। दरअसल, खनन विभाग द्वारा जिला की प्रमुख स्वां नदी और सहायक खड्डों नालों में 1 जुलाई से लेकर 15 सितंबर तक खनन पर रोक लगाई गई है, लेकिन बावजूद इसके जिला के कई स्थानों पर खनन गतिविधियां जारी है।
यह भी पढ़ें: पालमपुर में गन पाउडर विस्फोट से लगी आग, व्यक्ति झुलसा, आईजीएमसी रेफर

ऊना जिला में चल रहे इस अवैध धंधे (Illegal Business) में संलिप्त वाहनों के पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान (Challan) किए गए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में पुलिस ऐसे मामलों पर एफआईआर दर्ज करने का प्रावधान करने जा रही है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर यदि खनन विभाग या फिर अन्य विभाग की तरफ से कोई भी शिकायत पुलिस को मिलेगी तो उस मामले में पुलिस द्वारा तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, एसपी ऊना ने साफ़ कहा कि अगर सारी परिस्थिति का ज्ञान होने के बावजूद कोई विभाग पुलिस को सूचना नहीं देता है तो उनके खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई अमल में लाएगी।
एसपी ऊना ने कहा कि किसी भी विभाग की संपत्ति की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की ही होती है। ऐसी परिस्थिति में विभागों की लापरवाही के चलते केस दर्ज किया जाएगा। वहीं, एसपी ऊना ने बताया कि ओवरलोडिंग (Overloading) की सबसे ज्यादा समस्या वाहनों को मॉडिफाई करने के चलते पेश आ रही है। एसपी ऊना वाहनों को मोडिफाई करने वालों को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर कोई भी मॉडिफाइड गाड़ी पुलिस के हाथ लगती है तो पुलिस विभाग द्वारा ना केवल उसका चालान किया जाएगा बल्कि एफआईआर भी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

