- Advertisement -
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र से संबंध रखने वाले लांसनायक विवेक भी हेलीकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए हैं। विवेक CSD बिपिन रावत के PSO के पद पर तैनात थे। बता दें कि सीडीएस विपिन रावत का हेलीकॉप्टर दक्षिण भारत के तमिलनाडु के कन्नूर के नीलगिरि में हादसे का शिकार हुआ। देर शाम भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान जारी करते हुए सीडीएस की मौत की पुष्टि की। सीएम जयराम ठाकुर ने लांसनायक विवेक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में वीरभूमि हिमाचल के जयसिंहपुर का सपूत एवं सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी के पीएसओ, लांस नाइक विवेक कुमार जी भी शहीद हुए हैं।
ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।
ऊँ शांति! pic.twitter.com/rnnJvVZWbE
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) December 8, 2021
दुखद हादसे पर रक्षा मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘तमिलनाडु में आज एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सशस्त्र बलों के जवानों के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। उनका असामयिक निधन हमारे सशस्त्र बलों और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।’
घटना पर गृहमंत्री अमित शाह ने दुख जताते हुए कहा कि देश के लिए एक बहुत ही दुखद दिन है… क्योंकि हमने अपने सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी को एक बहुत ही दुखद दुर्घटना में खो दिया है। वह सबसे बहादुर सैनिकों में से एक थे, जिन्होंने अत्यंत भक्ति के साथ मातृभूमि की सेवा की है। उनके अनुकरणीय योगदान और प्रतिबद्धता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। मुझे गहरा दुख हुआ है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना पर दुख जताते हुए लिखा कि मैं जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। अपनी जान गंवाने वाले अन्य सभी लोगों के प्रति भी हार्दिक संवेदना। इस दुख की घड़ी में भारत एक साथ खड़ा है।
- Advertisement -