-
Advertisement

रक्कड़ के जंगलों में ‘’पुष्पा की एंट्री’’: काटे चंदन के 12 पेड़, 29 किलो लकड़ी बरामद; कांग्रेसी नेता का नाम जुड़ा
रविंद्र/ देहरा। कांगड़ा जिले के देहरा (Dehra In Kangra) में पुष्पा की एंट्री हो गई है। रक्कड़ में चंदन के 12 पेड़ों की अवैध कटाई (Illegally cut) हुई है। वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 29 किलो चंदन (Sandalwood) बरामद किया है। इस मामले में एक स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ रक्कड़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। समाजसेवी जगवीर सिंह गग्गी ने इसके तार रक्कड़ से ही संबंध रखने वाले एक कांग्रेसी नेता (Congress Leader) के साथ जोड़े हैं। गग्गी ने जब 6 दिन पहले जंगल से काटे गए चंदन के पेड़ों का वीडियो फेसबुक में अपलोड किया तो आनन-फानन में वन विभाग ने रक्कड़ पुलिस में मामला दर्ज कराया। वन विभाग ने आरोपी के घर से 29 किलोग्राम चंदन बरामद किया है। इसकी बाजार में कीमत तीन लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
यह भी पढ़े:Action: हिमाचल में अवैध खनन कर रहा था पंजाब का स्टोन क्रशर मालिक, FIR
लोगों का आरोप- डेढ़ क्विंटल चंदन जब्त हुआ था
हालांकि, लोग दबी जुबान से यह भी दावा कर रहे हैं कि डेढ़ क्विंटल चंदन बरामद किया गया है। 5 दिन पहले रक्कड़ के पास एक वन भूमि (Forest Land) में एक दर्जन से अधिक चंदन के पेड़ काट दिए गए थे। स्थानीय निवासियों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और आधे कटे हुए पेड़ पाए गए। वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
गग्गी का आरोप- 150 किलो चंदन 29 किलो हो गया
समाजसेवी जगवीर सिंह गग्गी ने वन विभाग और पुलिस (Kangra Police) पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चंदन की मात्रा 150 किलोग्राम थी, जिसे अब 29 किलोग्राम दिखा दिया गया है। उन्होंने CM सुखविंदर सिंह सुक्खू से मामले की निष्पक्ष जांच (Impartial Probe) करवाने की अपील की है।
डीएफओ सन्नी वर्मा बोले: 150 किलो की अफवाह है
डीएफओ सन्नी वर्मा ने बताया कि चंदन की मात्रा 29 किलोग्राम है ना कि 150 किलोग्राम। यह मात्र अफवाह है। उन्होंने बताया कि कुल 12 चंदन के पेड़ों को काटा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस से शिकायत पत्र वापस लेने की बात भी सरासर गलत है। वास्तव में भूमि की निशानदेही का इंतजार था। जैसे ही भूमि कि निशानदेही ली गई और पाया गया कि चंदन सरकारी भूमि (Govt. Land) से कटे हैं, तभी आरोपी के खिलाफ एफआईआर करवा दी गई है। वर्मा ने बताया कि वन विभाग ने जब्त चंदन पुलिस के सपुर्द कर दिया है।