-
Advertisement
दो पुलिस, एक होमगार्ड- 6 पैरामिलिट्री और आर्मी जवानों सहित आज 36 कोरोना पॉजिटिव
Last Updated on July 17, 2020 by saroj patrwal
शिमला। कोरोना (Corona) के लेकर हिमाचल के लिए आज का दिन भी ठीक नहीं रहा है। हिमाचल में आज 36 नए मामले सामने आए हैं। सोलन जिला में ही एक साथ 18 मामले आए हैं। कोरोना मामलों में सोलन हिमाचल में नंबर दो पर आ गया है। हमीरपुर से आगे निकल गया है। पांच लोग ठीक हुए हैं। आज एक पुरुष और महिला पुलिस कर्मी, होमगार्ड के जवान, तीन पैरामिलिट्री फोर्स व तीन आर्मी जवानों सहित जुड़वा भाई और दिल्ली से आया टैक्सी ड्राइवर पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि ऊना में कोविड (Covid) जांच को भेजे गए सैंपल में 5 पॉजिटिव मामले आए हैं, जबकि 209 सैंपल नेगेटिव और दो सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। एक संक्रमित का फॉलोअप सैंपल नेगेटिव पाया गया है। उपमंडल अंब के बेहड़ बटेहर का 50 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है, जोकि गगरेट के एक होटल के क्वारंटाइन सेंटर (Quarantine Center) में बतौर पुलिस कर्मी सेवाएं दे रहा है। इसी होटल में सेवाएं दे रही 21 वर्षीय महिला पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव आई है। यह उपमंडल बंगाणा के भिंडला की रहने वाली है। गगरेट के ही इसी होटल का 30 वर्षीय मालिक संक्रमित पाया गया है। एक कोरोना योद्धा होमगार्ड जवान भी पॉजिटिव आया है। यह नंगल जरियाला में ड्यूटी पर तैनात है। 22 वर्षीय विवाहिता पॉजिटिव पाई गई है। इसका पति पहले पॉजिटिव आ चुका है।
यह भी पढ़ें: Corona की दर्दनाक तस्वीर, चौखट पर मर गया दवा लेने आया Positive युवक !
डोगरा रेजिमेंट में सेवारत फौजी संक्रमित
जिला सिरमौर में आज एक और पॉजिटिव मामला सामने आया है। पॉजिटिव आया 27 वर्षीय युवक भारतीय सेना के डोगरा रेजिमेंट में सेवारत है, जो संगड़ाह उपमंडल का रहने वाला है। सेना के जवान के पॉजिटिव आने के बाद जिला में एक्टिव केस (Active Case) 8 हो गए हैं। जानकारी के अनुसार सेना का जवान 10 जुलाई को नई दिल्ली से सिरमौर (Sirmaur) जिले में आया था। वर्तमान में उसे हिमालयन कॉलेज कालाअंब में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। 15 जुलाई को जवान का कोविड -19 टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवक को कोविड केयर सेंटर त्रिलोकपुर में शिफ्ट किया जा रहा है। डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने मामले की पुष्टि की है। इससे पहले कांगड़ा जिला से तीन पैरामिलिट्री फोर्स के जवान और एक आर्मी जवान पॉजिटिव पाया गया है। हमीरपुर जिला के उपमंडल भोरंज में दो जुड़वा भाई कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी उम्र 18 वर्ष है। दोनों भाई अपने माता-पिता के साथ 7 जुलाई को दिल्ली से हमीरपुर लौटे थे। माता-पिता की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोलन में 16 पुरुष और दो महिलाएं पाॅजिटिव पाई गई हैं। इनमें से 14 सारा टैक्सटाइल, तीन एसएस टिक नो प्लास्टिक, स्पाटू से एक आर्मी जवान पाॅजिटिव पाया गया है। यह जवान बाहर से आया है और क्वारंटाइन में था।
सरकाघाट में एक ही परिवार की 2 महिलाएं पॉजिटिव
मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र से एक परिवार की दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। पुष्टि करते हुए डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना अपडेट में जिला के सरकाघाट उपमंडल की 2 महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गई है। इनमें से एक महिला की आयु 75 वर्ष और दूसरी महिला 44 वर्ष की है। दोनों महिलाएं गांव डीगोह डाकघर चोलथरा तहसील सरकाघाट की रहने वाली हैं और एक ही परिवार से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं की ट्रैवल हिस्ट्री चंडीगढ़ की है और वर्तमान में होम क्वारंटाइन में रह रही थी।
कांगड़ा में ये मामले आए सामने
कांगड़ा जिला में वेदी पोस्ट ऑफिस बंडी कांगड़ा का 51 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। यह 9 जुलाई को चेन्नई से लौटा है और पैरामिलिट्री फोर्स का जवान है। तियारा का 20 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव पाया गया है। यह 7 जुलाई को लेह से लौटा है। यह भी पैरामिलिट्री का जवान है। राजा का बाग का 45 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है। यह पॉजिटिव केस का प्राइमरी संपर्क है। तहसील नूरपुर के बासा गुडियाला का 35 वर्षीय पैरामिलिट्री (Paramilitary) जवान भी पॉजिटिव पाया गया है। यह 5 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश से लौटा है। गांव पनियाल तहसील देहरा का 39 वर्षीय आर्मी जवान भी संक्रमित पाया गया है। आर्मी जवान 8 जुलाई को नागालैंड से आया है। इसमें चार को कोविड केयर सेंटर बैजनाथ शिफ्ट किया गया है। वहीं, आर्मी जवान को योल शिफ्ट गया। इसके अलावा तलवार जयसिंहपुर की 37 वर्षीय महिला ठीक हुई है। यह कोविड केयर सेंटर बैजनाथ में भर्ती थी। इसे कोविड केयर सेंटर से घर भेजा रहा है। अगले सात दिन होम आइसोलेशन में रहेगी।
यह भी पढ़ें: कोरोना ब्रेकिंगः Delhi से Shimla पहुंचा टैक्सी चालक निकला पॉजिटिव
शिमला में दिल्ली से आया टैक्सी चालक निकला पॉजिटिव
राजधानी शिमला (Shimla) में दिल्ली (Delhi) से आया टैक्सी चालक पॉजिटिव पाया गया है। टैक्सी चालक अन्य चार लोगों को लेकर पिछले कल ही शिमला पहुंचा था। चालक सहित यह लोग शिमला में विल्ली पार्क स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। अब चालक के पॉजिटिव आने पर अन्य 4 लोगों को शिमला क्वारंटाइन किया गया है। मंडी जिला का एक 37 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिसे कोविड केयर सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है। सीएमओ मंडी (CMO Mandi) डॉ. देवेंद्र ने बताया की मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के दयारगी में 37 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है संक्रमित व्यक्ति बीते रोज जम्मू-कश्मीर से लौटा था और अपने घर में होम क्वारंटाइन था। उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्ति में कोरोना वायरस के कोई प्रत्यक्ष लक्षण नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमित युवक को कोविड केयर सेंटर ढांकसीधार शिफ्ट किया जा रहा है।
किस जिले में कितने मामले, कितने हुए ठीक
हिमाचल में कुल आंकड़ा 1377 हो गया है। अभी 382 एक्टिव केस हो गए हैं। अब तक 975 कोरोना पाॅजिटिव ठीक हुए हैं। मृत्यु का आंकड़ा नौ ही है। हिमाचल में आज सोलन से 18, कांगड़ा और ऊना से पांच-पांच, मंडी से चार, हमीरपुर से दो, सिरमौर और शिमला से एक मामला आया है। वहीं, कुल्लू में दो, लाहुल स्पीति, कांगड़ा और हमीरपुर में एक-एक कोरोना पाॅजिटिव ठीक हुए हैं। हिमाचल में आज 2440 सैंपल जांच को आए हैं। इसमें 1959 नेगेटिव रहे हैं। 468 की रिपोर्ट का इंतजार है। आज के सैंपल में 13 पाॅजिटिव मामले हैं। बाकी पाॅजिटिव मामले पेंडिंग सैंपल से हैं।