-
Advertisement
RDG मुद्दे पर सीएम सुक्खू व कैबिनेट मंत्री जाएंगे दिल्ली, राहुल गांधी से कल होगी अहम बैठक
CM Sukhu: हिमाचल विधानसभा में राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) की बहाली का केंद्र से सिफारिश करने के लिए लाया प्रस्ताव पारित होने के बाद अब सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनकी कैबिनेट के सभी मंत्री आज दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली में कल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मीटिंग रखी गई है। पहले यह बैठक 19 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब 20 फरवरी को बैठक होगी। हिमाचल के मंत्री आज शिमला से दिल्ली रवाना होंगे, जबकि सीएम सुक्खू आज शाम को श्रीनगर से सीधे दिल्ली लौटेंगे। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी मौजूद रहेंगे। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। दरअसल, 16वें वित्त आयोग ने केंद्र सरकार से आरडीजी बंद करने की सिफारिश की है। इससे हिमाचल में फाइनेंशियल इमरजेंसी जैसे हालात पनप रहे है।
पीएम नरेंद्र मोदी से भी मिलने का समय मांगा
सीएम सुक्खू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि हिमाचल अपने हक की लड़ाई के लिए कानूनी लड़ाई और राजनीतिक विकल्पों पर विचार करेगा। इस दौरान कानूनी लड़ाई लड़ने और लोकसभा में भी इस मुद्दे को लेकर उठाने को लेकर मंथन होगा। केंद्र कीबीजेपी सरकार द्वारा प्रदेश के साथ किए जा रहें भेदभाव से भी केंद्रीय आलाकमान को अवगत करवाया जाएगा। दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की योजना है। सीएम सुक्खू ने पीएम नरेंद्र मोदी से भी मिलने का समय मांग रखा है, समय मिला तो दिल्ली दौरे के दौरान पीएम मोदी से भी मुलाकात संभव है।
संजू चौधरी
