-
Advertisement
19 को हिमाचल आएंगे खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, शिमला से करेंगे जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत
शिमला। बीजेपी (BJP) 19 अगस्त से देशभर में जन आशीर्वाद यात्रा शुरुआत करने जा रही है। कैबिनेट में बीजेपी के कोटे से बनाए गए सभी मंत्री अपने-अपने प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप (BJP State President Suresh Kashyap) ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के बाद 43 नए मंत्री बनाए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) के निर्देशानुसार ये बीजेपी कोटे के सभी मंत्री अपने-अपने राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता से मिलेंगे। केंद्र व प्रदेश की नीतियों को जन जन तक पहुचाएंगे। बीजेपी अध्यक्ष सह सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तरूण चुघ (Tarun Chugh) इस जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक है। हिमाचल प्रदेश में इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को संयोजक, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, कुसुम सदरेट, वीरेन्द्र चैधरी तथा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा को सह संयोजक बनाया गया है।
सुरेश कश्यप ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर यह जन आशीर्वाद यात्रा 212 लोकसभा क्षेत्रों, 19 प्रदेशों, 265 जिलों से होते हुए 19567 किमी की यात्रा तय करेगी और देश भर में 1663 कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक लगातार 5 दिनों तक चलेगी।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का परवाणु में किया जाएगा स्वागत
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Sports Minister) का परवाणू में स्वागत किया जाएगा। जिसके बाद वे जन आशीर्वाद यात्रा के लिए निकलेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह यात्रा चारों संसदीय क्षेत्रों से होते हुए 8 जिला और लगभग 37 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। वहीं, प्रदेश भर में 650 किमी तय करेगी। वहीं, इस दौरान लगभग 90 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन यह यात्रा शिमला संसदीय क्षेत्र से शुरू होगी। दूसरे दिन शिमला से बिलासपुर होते होते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी। तीसरे दिन मण्डी से कांगड़ा संसदीय क्षेत्र तथा चौथे दिन यह यात्रा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी और पांचवे दिन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ही इस यात्रा का समापन होगा। इस दौरान अनुराग ठाकुर अलग-अलग जगह जनता को सम्बोधित भी करेंगे और प्रदेश के शक्तिपीठों में दर्शन भी करेंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group



