-
Advertisement
फिर जयराम सरकार पर हमलावर हुए विक्रमादित्य, 2022 में सरकार बनाने का किया दावा
Last Updated on September 23, 2021 by Deepak
नाहन। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह गुरूवार को कालाअंब के दौरे पर रहे। सिरमौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह के साथ हिमाचल अल्पसंख्यक कांग्रेस विभाग के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विक्रमादित्य सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने जयराम सरकार पर जोरदार जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी के मिशन रिपीट के दावे केवल भ्रम हैं। आज डबल इंजन की सरकार पूरी तरीके से हांफ चुकी है। आज महंगाई से जनता त्रस्त है। रोजगार के साधन खत्म हो चुके हैं। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर चुनाव में उतरेगी और 2022 में सरकार बनाने का पूरा प्रयास करेगी।
यह भी पढ़ें:जयराम ठाकुर पर बरसे विक्रमादित्य सिंह, बोले-क्षेत्र को बांटने का काम ना करें सीएम
दावों की पोल खोलेगी कांग्रेस: विक्रमादित्य
विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को 4 साल हो गए हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने बहुत बड़े-बड़े दावे किए हैं, लेकिन वह आज धरातल पर उतरते नजर नहीं आ रहे हैं। विधायक राजीव बिंदल पर भी निशाना साधते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के तथाकथित विकास के दावों की पोल भी कांग्रेस खोलेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page