-
Advertisement
हिमाचलः लाहुल- स्पीति में ट्रैकिंग व पर्वतारोहण गतिविधियों पर लगी रोक
केलांग। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जिला लाहुल- स्पीति की भौगोलिक परिस्थितियों और आने वाले सर्दी के मौसम के दृष्टिगत डीसी नीरज कुमार ने एक आदेश जारी करते हुए समूचे जिले में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण से जुड़ी गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया है। जारी किए गए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के शौकीन अक्सर इस मौसम में भी जिले का रुख करते हैं। चूंकि इस मौसम के दौरान कभी भी मौसम प्रतिकूल हो सकता है और ट्रैकर या पर्वतारोही की जान के लिए खतरा भी पैदा हो सकता है। ऐसे में खोज एवं बचाव अभियान को अंजाम देने में भी कई तरह की दुश्वारियां रहती हैं। इन परिस्थितियों के मद्देनजर उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश जारी किए हैं जो आगामी आदेश तक जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें:प्राकृतिक खजाने से भरा है हिमाचल का लाहुल-स्पीति, यहां की एक झील दिन में तीन बार अपना रंग बदलती है
आदेश की अवहेलना होने की सूरत में नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है। आदेश की प्रति एसपी को भी भेजी गई है ताकि जिले में प्रवेश करने वाले ट्रैकर या पर्वतारोहियों पर निगरानी रखी जा सके। बावजूद इसके यदि कोई व्यक्ति जिले में ट्रैकिंग या पर्वतारोहण करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा सके। डीसी ने पंचायती राज प्रतिनिधियों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से भी आग्रह किया है कि यदि उनके क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों का पता चलता है तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जाए ।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

