-
Advertisement
10वीं-12वीं में खराब प्रदर्शन पर हिमाचल शिक्षा विभाग सख्त: 18 TGT और 6 प्रवक्ताओं की वेतन वृद्धि रोकी
Department of School Education: हिमाचल में दसवीं और जमा दो (12वीं) की बोर्ड परीक्षाओं में निराशाजनक परिणाम देने वाले शिक्षकों के खिलाफ स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिन विषयों में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम 25 प्रतिशत से भी कम रहा है, उन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए विभाग ने पहले चरण में 24 शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकने के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
18 TGT और 6 प्रवक्ताओं पर गिरी गाज
शिक्षा निदेशक आशीष कोहली की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, जिन 24 शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई है, उनमें 18 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और 6 प्रवक्ता (Lecturers) शामिल हैं। विभाग ने इससे पहले 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले कुल 50 शिक्षकों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। शिक्षकों द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के बाद, जिनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, उनके खिलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
बाकी 26 शिक्षकों के जवाबों की भी हो रही जांच
शिक्षा निदेशालय के अनुसार, शेष 26 शिक्षकों के जवाबों का गहनता से आकलन किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग के इस सख्त रुख से खराब परिणाम देने वाले अन्य शिक्षकों में भी हड़कंप मच गया है।
प्रधानाचार्यों और मुख्य अध्यापकों की ACR में दर्ज होगी प्रतिकूल प्रविष्टि
कार्रवाई का दायरा केवल शिक्षकों तक सीमित नहीं है। खराब कार्य प्रदर्शन वाले स्कूलों के प्रधानाचार्यों (Principals) और मुख्य अध्यापकों (Headmasters) की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) में प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दर्ज की जाएगी। इसका सीधा असर भविष्य में उनकी पदोन्नति (Promotion) के अवसरों पर पड़ेगा।
SMC शिक्षकों पर भी कार्रवाई की तैयारी
स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के तहत कार्यरत शिक्षकों के खराब प्रदर्शन को भी विभाग ने गंभीरता से लिया है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों को लेकर शिक्षकों की जवाबदेही हर हाल में तय की जाएगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
