-
Advertisement
दुनिया में सबसे ज्यादा छुट्टियां देने में भारत अव्वल, जानिए अन्य देशों का क्या है हाल
Highest Number of Holidays: दुनियाभर के नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों के लिए छुट्टियां हमेशा से विशेष महत्व रखती हैं। विभिन्न देशों में राष्ट्रीय इतिहास, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के आधार पर छुट्टियों की संख्या तय की जाती है। इस बीच, एक नए वैश्विक अध्ययन में यह सामने आया है कि सरकारी अवकाश देने के मामले में भारत पूरी दुनिया में पहले पायदान पर है।
सांस्कृतिक विविधता के कारण भारत पहले स्थान पर
सरकारी छुट्टियों के वैश्विक आंकड़ों के अनुसार, भारत इस सूची में सबसे ऊपर है। भारत में राष्ट्रीय पर्वों, राजपत्रित (गजटेड) अवकाशों, वैकल्पिक छुट्टियों और विभिन्न धार्मिक व क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर साल भर में कुल छुट्टियों की संख्या 42 तक पहुंच जाती है। केंद्र सरकार की ओर से करीब 17 राजपत्रित छुट्टियां तय होती हैं, लेकिन राज्य सरकारों द्वारा घोषित स्थानीय और क्षेत्रीय छुट्टियों के जुड़ने से यह आंकड़ा बढ़ जाता है। यह भारत की सांस्कृतिक विविधता और बहुधार्मिक सामाजिक संरचना की अनूठी पहचान को दर्शाता है।
नेपाल दूसरे और म्यांमार-ईरान संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर
नेपाल (35 छुट्टियां): सूची में दूसरे स्थान पर पड़ोसी देश नेपाल है, जहां साल में करीब 35 सार्वजनिक छुट्टियां मिलती हैं। नेपाल में हिंदू और बौद्ध धर्म से जुड़े त्योहारों जैसे ‘दशैं’ और ‘तिहार’ के दौरान लंबी छुट्टियां दी जाती हैं।
ईरान और म्यांमार (26-26 छुट्टियां): तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से ईरान और म्यांमार हैं। ईरान में अवकाश इस्लामिक कैलेंडर और पारंपरिक नव वर्ष ‘नवरोज’ पर आधारित होते हैं, जबकि म्यांमार में बौद्ध उत्सवों और जल महोत्सव ‘थिग्यांन’ पर छुट्टियां रहती हैं।
श्रीलंका (25 छुट्टियां): पांचवें स्थान पर मौजूद श्रीलंका में बौद्ध, हिंदू, मुस्लिम और ईसाई धर्मों के प्रमुख पर्वों (जैसे वैशाख पोया, दीपावली, ईद और क्रिसमस) पर आधिकारिक अवकाश रहता है।
विकसित देशों में छुट्टियों का दायरा सीमित
ज्यादा छुट्टियों वाले देशों के विपरीत कई विकसित देशों में छुट्टियों की संख्या काफी कम है:
ब्रिटेन: 10 छुट्टियां
नीदरलैंड और सर्बिया: 9 छुट्टियां
मेक्सिको: 8 छुट्टियां
वियतनाम: मात्र 6 छुट्टियां (दुनिया में सबसे कम)
वैश्विक रुझान और बहुधार्मिक तालमेल
वैश्विक आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी (न्यू ईयर डे) दुनिया में सबसे ज्यादा मनाया जाने वाला अवकाश है, जो कम से कम 169 देशों में आधिकारिक रूप से लागू है। इसके अलावा, दुनिया के 187 देश अपने स्वतंत्रता या राष्ट्रीय दिवस पर अनिवार्य अवकाश रखते हैं।अध्ययन में यह भी सामने आया कि दुनिया के कम से कम 52 देशों (जिन्में से 30 से अधिक अफ्रीकी देश हैं) में क्रिसमस और ईद दोनों मौकों पर सरकारी छुट्टी दी जाती है, जो सांस्कृतिक और सामाजिक तालमेल का बड़ा उदाहरण है। हालांकि, जहां अधिक छुट्टियां कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक मानी जाती हैं, वहीं भारत जैसे देश में व्यावसायिक उत्पादकता के दृष्टिकोण से यह एक बड़ी चुनौती भी पेश करती हैं।
पंकज शर्मा
