-
Advertisement
सीएम जयराम के गृह जिला का हाल: चादर के झूले में सड़क तक पहुंचाए जा रहे मरीज
मंडी। हिमाचल में आने वाली हर सरकार प्रदेश में सड़कों (Road) का जाल बिछाने की बात करती है। लेकिन यह कितना सच है इसका प्रमाण आज आपको इस तस्वीर को देख कर पता चल जाएगा। यह तस्वीर कहीं ओर की नहीं बल्कि हमारे सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) के गृह जिला की है। जिसमें एक बीमार महिला (Sick Woman) को चादर में डाल कर एक डंडे के सहारे दो युवक ले जा रहे हैं। यह सड़क जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोपडी कलैहडू की है। बताया जा रहा है कि यहां आठ साल पहले गहरू संपर्क मार्ग बना जो आज तक पक्का नहीं हो पाया। इतना ही नहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अब इस संपर्क मार्ग पर गड्ढे खोदने का कार्य शुरू किया है, लेकिन इन गड्ढों को भरने के लिए उनके पास सीमेंट तक नही है। कुल मिलाकर सड़क पर खोदे जा रहे यह गड्ढे अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गए हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: पति ने पत्नी से कर डाली धोखाधड़ी, जाली हस्ताक्षर कर बेच दिए तीन ट्रक
बता दें कि इस संपर्क मार्ग पर खोदे गए इन गड्ढों के कारण अब यहां से कोई गाड़ी आ जा नहीं सकती। जिसके चलते बीमारी की हालत में ग्रामीणों को लोगों को पीठ पर या इसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है। रविवार दोपहर बाद भी जब गांव गहरू में 70 वर्षीय हरीमल परमार की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें डंडों के सहारे चादर का झूला बना कर मुख्य सड़क तक लाया गया। ग्रामीणों (Villagers) का कहना है कि गांव से मुख्य सड़क की दूरी लगभग 1 किलोमीटर है और आलम यह है कि अब बीमार लोगों को चादर का झूला बना कर उठाना पड़ रहा है। सड़क के बीच गड्ढा होने की वजह से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक प्रकाश राणा और विभाग से इस संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। वहीं लोक निर्माण विभाग उप मंडल लडभड़ोल के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने बताया कि मनरेगा के तहत संपर्क मार्ग की सोलिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमेंट ना होने की वजह से कार्य रुका हुआ है और जल्द ही गड्ढे को भरकर सड़क को पक्का कर दिया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


