-
Advertisement
हिमाचल: 700 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, छिटक पर बाहर गिरे दो बच्चों सहित दंपति
शिलाई। हिमाचल में देर रात से हो रही भारी बारिश (Rain) के चलते आज प्रदेश भर में कई सड़क हादसे (Road Accident) हुए हैं। जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गवाईं तो कई इन हादसों में घायल (Injured) हुए हैं। ऐसा ही एक मामला सिरमौर के शिलाई से सामने आया है। शिलाई की ग्राम पंचायत धारवा में शुक्रवार को हुए हादसे में स्थानीय पंचायत के प्रधान और उनकी पत्नी सहित बहन के 2 बच्चे घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

यह भी पढ़ें:दर्दनाक हादसाः बर्थडे मनाने निकले प्रशिक्षु डॉक्टरों की कार खाई में, एक की मौत 4 घायल
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जोगिंद्र सिंह अपनी निजी कार (Car) से धारवा गांव से शिलाई की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव से कुछ ही दूरी पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर नीचे लुढ़क कर राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर जामली पुल के समीप जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे के बाद कार सवार चारों लोग करीब 100 मीटर की दूरी पर गाड़ी से छिटक कर बाहर गिर गए और घायल हो गए। इस हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना के बाद आसपास के लोगों ने राहत व बचाव कार्य चलाया और घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद पहाड़ी से सड़क तक पहुंचा कर एंबुलेंस के माध्यम से शिलाई अस्पताल (Shillai Hospital) पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को आगामी उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों की पहचान धारवा पंचायत के वर्तमान प्रधान जोगिंद्र सिंह (37), उनकी पत्नी अमरा देवी (32), उनकी भांजी आरुषि (12) व भांजे हनी (14) के रूप में हुई है। पांवटा साहिब के डीएसपी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज करके दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group



