-
Advertisement
एचआरटीसी की बकाया राशि की पाई-पाई वसूल करेगी कांग्रेस सरकार
ऊना। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारी खर्चों पर बड़े-बड़े आयोजन कर दिए गए लेकिन एचआरटीसी का अभी पैसा नहीं दिया गया है। सरकार एचआरटीसी की बकाया राशि की पाई पाई वसूल करेगी। ऊना जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत को दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में संस्थानों को बंद करने पर बीजेपी का हो हल्ला करना बेकार है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जाते-जाते केवल राजनीतिक लाभ के लिए बिना प्रशासनिक व वित्तीय अनुमति के कई संस्थान खोल दिए और इन्ही संस्थानों को खोलने के लिए पूर्व की जयराम सरकार का नाम गिनीज बुक में दर्ज होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:हार पर मंथन के दौरान नाचन कांग्रेसियों में हो गई ढिशूम-ढिशूम
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अभी तो सरकार बने हुए 15 दिन ही हुए है बीजेपी के लोग अभी से विचलित हो गए है। पांच साल समय कैसे निकालेंगे। हिमाचल में कांग्रेस की स्थिर और टिकाऊ सरकार है जो पांच साल ठोक बजाकर चलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में युवाओं के साथ भर्तियों के नाम पर धोखा किया गया है और कांग्रेस तो पहले से ही यह आरोप लगाती रही है कि पेपर लीक हो रहे हैं, नौकरियां भी बिक रही है, जो अब साबित हो गया है। मुकेश ने कहा कि बीजेपी कार्यकाल में सरकारी नौकरियों के लिए दरें तक निर्धारित की गई थी।
नशे व खनन माफिया पर कार्रवाई होगी
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार नशे व खनन माफिया पर निर्णायक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि खनन माफिया व नशे के सरगनाओं को संदेश है कि वह हिमाचल प्रदेश में अब अपने कारोबार को बंद कर दें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को खुली छूट है नशे व खनन पर कोई भी समझौता नहीं होगा। बीजेपीसरकार ने जिस प्रकार से माफिया के राज को संरक्षण दिया है, अब किसी भी प्रकार के माफिया को संरक्षण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए सिंथेटिक ड्रग्स पर आक्रामक कार्यवाई होगी, इसके लिए पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में जिस प्रकार से खनन माफिया ने रेत का व्यापार किया है , स्वां नदी को तहस-नहस किया है ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई होगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

