-
Advertisement
गोंदपुर जयचंद हत्या मामलाः पुलिस ने पकड़ा एक आरोपी ,आपसी रंजिश के चलते किया था मर्डर
ऊना। गांव गोंदपुर जयचंद में पंजाब के होशियापुर जिला की गढ़शंकर तहसील के डल्लेवाल गांव निवासी 23 वर्षीय राजेंद्र कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमाचल के ऊना जिला के सासन गांव निवासी विशाल पुत्र रमेश चंद के रूप में की गई है। आरोपी पंजाब में अपनी बुआ के घर लंबे अरसे से रह रहा था। पकड़े जाने के समय विशाल सोलन जिला के सनवारा टोल बैरियर पर एक ट्रक में सवार पाया गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच जिंदा रौंद बरामद करने में भी सफलता हासिल की है।
मृतक राजेंद्र कुमार और हत्या के दोनों आरोपी युवक पुराने दोस्त थे
रविवार को हरोली थाना में एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि मृतक राजेंद्र कुमार और हत्या के दोनों आरोपी युवक पुराने दोस्त हैं लेकिन हाल ही में इनके बीच कोई मनमुटाव किसी घटना को लेकर हुआ जिसके चलते इन दोनों आरोपियों ने उसे हिमाचल प्रदेश के गोंदपुर जयचंद गांव लाकर जंगल में मौत के घाट उतारा और शव को झाड़ियों में फेंक कर घटनास्थल से फरार हो गए। हत्या किए जाने से पूर्व दोनों आरोपी राजेंद्र के घर पहुंचे और उसी की बाइक पर उसे साथ लेकर गोंदपुर जयचंद की तरफ निकल गए। उनके हिमाचल प्रदेश की तरफ आने की पुष्टि दो चश्मदीदों द्वारा पहले ही की जा चुकी है।एसपी ने कहा कि हत्या के मामले में फरार चल रहा दूसरा आरोपी गगन पुत्र जोगेंद्र निवासी डल्लेवाल भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी को और बढ़ाने का फैसला
जिला ऊना में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए जिला पुलिस द्वारा पंजाब से सटी सीमाओं पर चौकसी को और बढ़ाने का फैसला लिया है, जिसके चलते करीब 10 स्थानों पर पुलिस पोस्ट स्थापित करने की प्रपोजल तैयार की गई है। एसपी अर्जितसेन ठाकुर ने कहा कि इस प्रपोजल से संबंधित फाइल डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री समेत विधायकों को भी सौंपी गई है ताकि इस पर जल्द अमल करते हुए प्रदेश के लोगों के जान और माल को सुरक्षित किया जा सके। गौरतलब है कि सितंबर 2022 में भी जिला के ही सीमांत गांव दुलैहड़ में भी पंजाब के अपराधियों ने एक स्थानीय व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे पंजाब में दाखिल होकर फरार होने में कामयाब रहे थे। वहीं पुलिस ने बाद में आरोपियों को पंजाब हरियाणा और राजस्थान से कड़ी मशक्कत से काबू भी किया था।
यह भी पढ़े:भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में सिंगर समर सिंह , गाजियाबाद से गिरफ्तार
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

