-
Advertisement

चांद पर रिसर्च स्टेशन स्थापित करेगा चीन, किया नए मानव मिशन का ऐलान
बीजिंग। भारत गुरुवार को अपना चंद्रयान मिशन-3 (Chandrayan Mission 3) लांच करेगा। लेकिन चंद्रमा की दौड़ में चीन (China) हमसे कहीं आगे निकलने की तैयारी में है। वह अब चंद्रमा पर मानव मिशन भेजकर वहां एक रिसर्च स्टेशन स्थापित करना चाहता है। ऐसा करने वाला चीन दुनिया का दूसरा देश होगा। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) के उप मुख्य इंजीनियर झांग हैलियन ने वुहान में एक एयरोस्पेस शिखर सम्मेलन में प्लान का खुलासा किया।
यह मिशन 2030 से पहले होने की उम्मीद है। यह चांद पर एक रिसर्च स्टेशन स्थापित करने की परियोजना का हिस्सा है। झांग ने कहा कि चांद पर जाने वाले अंतरिक्ष यात्री रिसर्च स्टेशन (Research Station) के निर्माण करने के बेहतरीन तरीकों का पता लगाएंगे। ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक दो लॉन्च वाहन लैंडर और मानवयुक्त अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा में भेजा जाएगा और वे एक दूसरे से जुड़ेंगे। डॉकिंग के बाद अंतरिक्ष यान में सवार चीनी अंतरिक्ष यात्री लैंडर में प्रवेश करेंगे जो चंद्रमा की सतह पर उतरेगा।
ऐसे होगी धरती पर वापसी
चांद पर रहते हुए वे नमूने इकट्ठा करेंगे और कई वैज्ञानिक जांच करेंगे। यहां से बाद में वह फिर लैंडर में जाएंगे जो उड़ान भर कर फिर से अंतरिक्ष यान के साथ जुड़ेगा और उन्हें वापस पृथ्वी पर लाएगा। चीनी वैज्ञानिक इस समय मिशन से जुड़ी तैयारी कर रहे हैं। वह मूनसूट, मानवयुक्त चंद्र रोवर, मानवयुक्त अंतरिक्ष यान और मून लैंडर (Moon Lander) समेत सभी उपकरणों को विकसित करने में व्यस्त हैं। चीन ने 2013 में सफलतापूर्वक चंद्रमा पर एक रोवर उतारा। ऐसा करने वाला वह केवल तीसरा देश बन गया। तब शी जिनपिंग ने कहा कि अंतरिक्ष का सपना चीन को मजबूत बनाने का हिस्सा है।
यह भी पढ़े:ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री पर 28 फीसदी जीएसटी, जानकारों ने कहा-तबाही लाएगा