-
Advertisement
Twitter (X) ने मिटा दिया पुराना इतिहास! काम नहीं कर रहे पुराने लिंक
नई दिल्ली। मस्क के माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter (X) ने एक साल के भीतर ही 2011 से 2014 तक का तमाम पुराना इतिहास लगता है मिटा दिया है। इस दौरान यूजर्स के पोस्ट, फोटोज और सभी डाटा गायब हो गए हैं। यहां तक कि उस समय के शॉर्ट लिंक (Short Links) भी अब काम नहीं कर रहे है।
ट्विटर शॉर्ट लिंक की सेवा ऑफर करता था, जिसमें यूजर्स अपने लिंक को छोटा कर इस्तेमाल करते थे। अब ये लिंक्स ट्वीट्स पर रीडायरेक्ट नहीं करते। फिलहाल साफ नहीं है कि X ने ऐसा जानबूझकर किया है, या फिर यह किसी खामी के चलते हो रहा है। जो भी हो, इस बदलाव के चलते ऐसे लाखों यूजर्स परेशान हैं जो पिछले लगभग एक दशक से ज्यादा वक्त से माइक्रोब्लॉगिंग सेवा इस्तेमाल कर रहे हैं।
यह भी पढ़े:Twitter की उड़ गई नीली चिड़िया; नया नाम हुआ X, लोगो तक बदल गया
यूजर ने दी फोटोज डिलीट होने की जानकारी
X प्लेटफॉर्म पर साल 2011 से 2014 के बीच पोस्ट किए गए फोटोज डिलीट होने की जानकारी सबसे पहले टॉम कोट्स नाम के एक यूजर ने दी और इस बारे में पोस्ट किया। इसके बाद अन्य यूजर्स ने भी कन्फर्म किया कि उनकी ओर से 2011 से 2014 के बीच शेयर किए गए फोटोज (Shared Pictures) डिलीट हो चुके हैं और पुराने लिंक्स भी काम नहीं कर रहे।
साल 2011 में मिला था इमेज अपलोड सपोर्ट
माइक्रोब्लॉगिंग सेवा ट्विटर को 2006 में लॉन्च किया गया था लेकिन तब इसपर नेटिव इमेज अपलोड्स का सपोर्ट नहीं मिलता था। इसके बाद साल 2011 में यूजर्स को ट्वीट्स के साथ फोटोज अपलोड करने का विकल्प दिया गया था। TwitPic जैसी कई इमेज-होस्टिंग सेवाओं का सपोर्ट प्लेटफॉर्म को जरूर मिला था लेकिन अब 2011 से 2014 के बीच सीधे ट्विटर पर शेयर की गईं फोटोज गायब हो गई हैं।
क्या X पर माइग्रेशन के दौरान हुई गड़बड़ी?
इंटरनेट एज में डाटा सुरक्षा को ट्रैक करने वाले Reddit फोरम Datahoarder की ओर से कयास लगाए गए हैं कि ऐसा प्लेटफॉर्म की गड़बड़ी के चलते हुआ है। कुछ यूजर्स का मानना है कि twitter.com से X.com पर माइग्रेशन के दौरान कोई दिक्कत सामने आने के चलते ऐसा हुआ है। हालांकि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक कन्फर्मेशन नहीं दिया है।

