-
Advertisement
HPBOSE: एकलव्य स्कूलों की चयन परीक्षा का परिणाम घोषित, मेरिट और स्कोर यहां देख सकेंगे छात्र
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBoSE) ने प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। बोर्ड ने आज ‘एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल सिलेक्शन टेस्ट (EMRSST)-2026’ का बहुप्रतीक्षित परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश भर के उन सैंकड़ों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है, जो एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षा और आवासीय सुविधाओं का सपना देख रहे थे।
पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न हुई परीक्षा
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने आज परिणाम की पुष्टि करते हुए बताया कि अनुसूचित जनजाति विभाग के सहयोग से आयोजित यह परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि 29 मार्च 2026 को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा का मूल्यांकन विशेषज्ञों की देखरेख में किया गया है। परीक्षार्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hpbose.org/ पर जाकर अपना रोल नंबर या एप्लीकेशन नंबर दर्ज कर सीधे अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।
मेरिट लिस्ट और व्यक्तिगत अंक निर्धारित किए गए
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि परिणाम को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए बोर्ड ने विशेष प्रक्रिया अपनाई। इससे पूर्व जारी की गई अस्थायी उत्तरकुंजी (Provisional Answer Key) पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन समीक्षा की गई, जिसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी (Final Answer Key) तैयार हुई। इसी फाइनल की (Key) के आधार पर ही मेरिट लिस्ट और व्यक्तिगत अंक निर्धारित किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि अब आगामी कार्यवाही अनुसूचित जनजाति विभाग और संबंधित विद्यालय प्रबंधन समितियों द्वारा की जाएगी। बोर्ड परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख विभाग को सौंप देगा। एकलव्य स्कूलों में दाखिला पूरी तरह से मेरिट और विभाग द्वारा निर्धारित आरक्षण व अन्य नियमों के आधार पर होगा। यदि किसी भी अभ्यर्थी को परिणाम के संबंध में कोई संदेह या अतिरिक्त जानकारी चाहिए, तो वे कार्यालय समय के दौरान बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन

