- Advertisement

HPBOSE अध्यक्ष डॉ. राजेश का भरमौर दौरा: छात्रों से सीधा संवाद, संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया जोर
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने शनिवार को जनजातीय क्षेत्र भरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक डे बोर्डिंग स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों का गहन जायजा लिया और शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुगम एवं छात्र हितैषी बनाने पर जोर दिया।डॉ. शर्मा ने स्कूल परिसर का निरीक्षण करने के साथ-साथ विद्यार्थियों से सीधे रू-ब-रू होकर उनकी पढ़ाई, परीक्षाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड का मुख्य उद्देश्य स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों के बीच ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से पूरी तरह से पारदर्शी संवाद स्थापित करना है, ताकि छात्रों को बेहतरीन शैक्षणिक माहौल मिल सके। स्कूल प्राचार्य द्वारा बताई गई समस्याओं और चुनौतियों पर बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जो मुद्दे शिक्षा बोर्ड के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं, उनके समाधान के लिए वह एक ‘मैसेंजर’ के रूप में शिक्षा विभाग तक अपनी बात पहुंचाएंगे।
संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए समिति का गठन
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की ‘संस्कारयुक्त शिक्षा’ की परिकल्पना को लेकर डॉ. शर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्कूलों में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए पाठ्यपुस्तकों में विशेष विषय शामिल किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा बोर्ड ने एक समिति का गठन कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान बांटना नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों में संस्कारों का निर्माण करना भी इसका अभिन्न अंग है। प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों की सराहना करते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब नई बुलंदियों को छू रहा है।
तीसरे स्थान पर हिमाचल
उन्होंने बताया कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व संभालने के समय हिमाचल राष्ट्रीय शिक्षा रैंकिंग में 21वें स्थान पर था, लेकिन आज प्रदेश ने लंबी छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि केंद्र शासित प्रदेशों को अलग रखा जाए, तो हिमाचल लगभग शीर्ष पर है। सरकार, शिक्षा विभाग और शिक्षा बोर्ड के साझा प्रयासों और निरंतर नवाचारों से जल्द ही हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में नंबर वन राज्य बनकर उभरेगा।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

