- Advertisement

हिमाचल कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक धर्मशाला में, जल्द हो सकता है कैबिनेट विस्तार
Himachal Congress General House: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन के बादशिमला स्थित राजीव भवन में पार्टी का जनरल हाउस चल रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने विशेष रूप से शिरकत करने पहुंची है। बैठक का मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीतियों को धार देने और विधानसभा चुनावों की तैयारियों का शंखनाद करने पर रहा।
जल्द होगा कैबिनेट विस्तार
बैठक से पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने राज्य में जल्द कैबिनेट विस्तार के साफ संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित है।इस बैठक में कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। इसी बैठक में कैबिनेट विस्तार और अन्य महत्वपूर्ण संगठनात्मक मुद्दों पर अंतिम चर्चा की जाएगी।
किन्नौर विवाद पर सुलह की कोशिश
किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निगम भंडारी की नियुक्ति के बाद राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित नाराजगी के मुद्दे पर पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया है।रजनी पाटिल और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार दोनों ने स्पष्ट किया कि वे जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी को आमने-सामने बैठाकर गलतफहमियां दूर करेंगे।नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी आलाकमान और संगठन द्वारा लिया गया निर्णय ही अंतिम होता है।विनय कुमार ने बताया कि मंत्री जगत सिंह नेगी किन्नौर दौरे पर व्यस्त होने के कारण इस बैठक में नहीं पहुंचे हैं।
बीजेपी पर साधा निशाना: राम मंदिर चंदा और एथनॉल मुद्दा
प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई। पाटिल ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर वोट मांगे थे, इसलिए अब चंदे को लेकर जो भी आरोप सामने आ रहे हैं, उनकी पूरी जांच होनी चाहिए।ट्रोल में एथनॉल मिश्रण के मुद्दे पर चिंता जताते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इसके प्रभावों का गंभीरता से अध्ययन कर उचित कदम उठाए जाएं।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस जनरल हाउस को संगठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण करार दिया उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर संगठन विस्तार की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों और विभिन्न विंग्स की बैठकें भी बुलाई गई हैं ताकि हर स्तर पर जवाबदेही तय की जा सके।विनय कुमार ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर सीएम तक सभी को साथ लेकर चलने की इस कवायद के साथ ही, कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विधिवत शुरुआत कर दी है।
संजू चौधरी

