- Advertisement

बोर्ड परीक्षाओं में खराब रिजल्ट पर शिक्षा विभाग सख्त, 50 शिक्षकों को नोटिस, रुक सकता है इंक्रीमेंट
Directorate of Education: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के निराशाजनक परिणामों को लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कड़ा रुख अपनाया है। परीक्षाओं की समीक्षा के बाद विभाग ने 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले 50 शिक्षकों को ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show-Cause Notice) जारी कर दिया है। निदेशालय ने संबंधित शिक्षकों से 15 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है।
नोटिस में साफ तौर पर पूछा गया है कि उनके विषय या कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहद खराब रहने के पीछे क्या कारण रहे हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी और उनकी वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) भी रोकी जा सकती है।
सख्त कार्रवाई: 25% से कम रिजल्ट देने वाले 50 शिक्षकों को नोटिस।
समय सीमा: स्पष्टीकरण देने के लिए 15 दिनों का वक्त।
बड़ी चेतावनी: जवाब संतोषजनक न होने पर इंक्रीमेंट रोकने की तैयारी।
समीक्षा: लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था की जांच शुरू।
स्कूलों और विषयों का हो रहा है बारीक विश्लेषण
शिक्षा विभाग ने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का स्कूलवार और विषयवार (Subject-wise) विश्लेषण शुरू कर दिया है। विभाग उन स्कूलों पर विशेष नजर रख रहा है, जहां पिछले कुछ वर्षों से लगातार कमजोर परिणाम सामने आ रहे हैं। इन विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की गहन समीक्षा की जा रही है, ताकि कमियों को दूर किया जा सके।
शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेना जरूरी
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहला के अनुसाल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्कूलों में शिक्षकों की जवाबदेही तय करना जरूरी है।। बोर्ड परीक्षाओं में अत्यंत कम परिणाम देने वाले शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में छात्रों के शैक्षणिक स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके और कमियों को समय रहते सुधारा जा सके।
भविष्य में सुधार की उम्मीद
शिक्षा विभाग के इस सख्त कदम से सरकारी स्कूलों के शिक्षकों में हड़कंप मच गया है। विभाग का मानना है कि इस प्रकार की सख्ती से न केवल शिक्षकों की जवाबदेही बढ़ेगी, बल्कि आने वाले समय में सरकारी स्कूलों के बोर्ड परीक्षा परिणामों में भी बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

