-
Advertisement
MLA कुलदीप राठौर पर टिप्पणी करने वाले केहर सिंह खाची को नोटिस जारी, 7 दिन में मांगा जवाब
Himachal Congress: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। हिमाचल वन निगम के वाइस चेयरमैन और प्रियंका गांधी के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ नेता केहर सिंह खाची को कांग्रेस संगठन ने ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) जारी किया है। यह कार्रवाई ठियोग के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी के बाद की गई है। खाची को एक सप्ताह (7 दिन) के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर दिया था विवादित बयान
विवाद की शुरुआत ठियोग में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केहर सिंह खाची ने कहा था कि वर्ष 2022 से पहले ठियोग की जनता में से 11 लोग भी कुलदीप सिंह राठौर को नहीं पहचानते थे और सभी नेताओं ने एकजुट होकर उन्हें चुनाव जिताया। खाची के इस बयान के बाद ठियोग कांग्रेस में जुबानी जंग छिड़ गई और प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर आ गई।
संगठन महासचिव का बयान और कार्रवाई
कांग्रेस के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने नोटिस की पुष्टि करते हुए कहा कि खाची से पूछा गया है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ विधायक पर इस तरह की टिप्पणी क्यों की और क्यों न उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।खाची को हाईकमान और प्रियंका गांधी का करीबी माना जाता है, वहीं कुलदीप सिंह राठौर भी पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक हैं। राठौर के प्रदेश अध्यक्ष रहते कांग्रेस ने उपचुनावों में 4-0 से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता का अहम दायित्व सौंपा गया था।
विक्रमादित्य सिंह ने किया राठौर का बचाव
विवाद बढ़ने के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने खुलकर कुलदीप सिंह राठौर का समर्थन किया। उन्होंने खाची के बयान का खंडन करते हुए कहा कि राठौर ने एनएसयूआई से लेकर प्रदेश अध्यक्ष पद तक 4 दशकों तक संगठन की निस्वार्थ सेवा की है। प्रदेश में पार्टी को सत्ता में लाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में राठौर का अहम योगदान रहा है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
