-
Advertisement
CM के खिलाफ बीजेपी का विशेषाधिकार हनन का नोटिस-जयराम बोले- अपने बयान पर क्षमा मांगे सीएम सुक्खू
Jairam Thakur Vs CM Sukhu: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सीएम के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के नोटिस तक पहुंच गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बताया कि विपक्ष ने सीएम के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीएम सुक्खू ने विधानसभा में प्रदेश की 75 लाख जनता के प्रतिनिधियों के खिलाफ झूठ बोला।
क्षमा मांगते हैं तो वह इस मामले को छोड़ देंगे
जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले ही सीएम ने स्पष्ट संदेश दे दिया था कि सदन में वंदेमातरम नहीं गाया जाएगा। हालांकि, सत्र शुरू होने पर सदन में राष्ट्रगान सभी ने सम्मान के साथ गाया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने के बाद संपूर्ण वंदेमातरम हुआ और राष्ट्रगान भी गाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि बार-बार आग्रह करने के बाद राष्ट्रगान से जुड़ी वीडियो फुटेज उन्हें मिली। उनका कहना था कि यदि विपक्ष के किसी सदस्य ने राष्ट्रगान का अपमान किया है तो वे स्वयं उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम क्षमा मांगते हैं तो वह इस मामले को छोड़ देंगे, लेकिन सीएम कानून से ऊपर नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष विशेषाधिकार हनन के नोटिस पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।
जगत सिंह नेगी पर भी निशाना साधा
जयराम ठाकुर ने बिना नाम लिए मंत्री जगत सिंह नेगी पर भी निशाना साधा और कहा कि मंत्री तर्क नहीं, कुतर्क दे रहे हैं। उन्होंने सीएम पर भी कुतर्क करने का आरोप लगाया। साथ ही सवाल उठाया कि जिन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार है, वहां राष्ट्रगीत गाने से परहेज क्यों किया जाता है।वहीं आउटसोर्स भर्ती मामले में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आउटसोर्स के माध्यम से अपने पदाधिकारियों और विधायकों को काम दे रही है और अपने लोगों की बेरोजगारी दूर करने में लगी है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एजेंसियों को लेकर उच्च न्यायालय ने भी चिंता जताई है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
