-
Advertisement
हिमाचल में रक्षाबंधन पर सभी सरकारी संस्थानों में रहेगा अवकाश ,सीएम का ऐलान, महिलाओं को HRTC बसों में फ्री सफर
Raksha Bandhan 2026: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के छठे दिन सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों के लिए रक्षाबंधन के त्योहार पर बड़ा एलान किया है। सदन की कार्यवाही के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश के सभी सरकारी संस्थानों में पूर्ण अवकाश रहेगा। इससे पहले तक रक्षाबंधन पर केवल महिला कर्मचारियों को ही विशेष अवकाश दिया जाता था।सीएम के इस ऐलान के बाद अब पुरुष कर्मचारियों सहित सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए इस दिन छुट्टी रहेगी और सभी सरकारी कार्यालय व संस्थान बंद रहेंगे।
स्कूल-क़ॉलेज और सभी सरकारी दफ्तर कल बंद रहेंगे
सीएम ने कहा कि अब रक्षाबंधन पर सभी सरकारी कर्मचारियों को अवकाश मिलेगा। इससे सभी भाई-बहन अपने घर पर रक्षाबंधन पर्व को मना सकेंगे। इसे लेकर जल्द नोटिफिकेशन भी कर दी जाएगी। इसके बाद स्कूल-क़ॉलेज और सभी सरकारी दफ्तर कल बंद रहेंगे।
28 अगस्त को HRTC की बसों में महिलाएं करेंगी मुफ्त सफर
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में जानकारी देते हुए बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।28 अगस्त को सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रदेश के भीतर चलने वाली HRTC की साधारण (ऑर्डिनरी) बसों में महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। HRTC प्रबंधन ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिशा-निर्देश व सर्कुलर जारी कर दिए हैं ताकि बहनें आसानी से अपने भाइयों के घर राखी बांधने पहुंच सकें।
बस न रोकने पर ड्राइवर-कंडक्टर पर होगी सख्त कार्रवाई
त्योहार के दौरान महिलाओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए HRTC प्रबंधन ने कड़े नियम तय किए हैं:
इशारा करने पर रोकनी होगी बस: यदि कोई महिला यात्री बस को रुकने का इशारा करती है, तो ड्राइवर को अनिवार्य रूप से बस रोकनी होगी।
विभागीय कार्रवाई का प्रावधान: महिला के इशारा करने के बावजूद बस न रोकने की शिकायत मिलने पर संबंधित बस के ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त बसों का संचालन: यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सभी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधकों को ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने और पूरी व्यवस्था पर सतर्कता से नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
