-
Advertisement
देश में खतरे में है लोकतंत्र, हो रही वोट चोरी- शिमला में लोक भवन के बाहर बोले CM सुक्खू, SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल
CM Sukhwinder Singh Sukhu: दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को शिमला स्थित लोक भवन के बाहर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को तुरंत बंद करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया।
लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा: CM सुक्खू
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र इस वक्त गंभीर खतरे में है। राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे और पोते हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के लिए 300 सांसदों के साथ सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हैं और देश में ‘वोट चोरी’ हुई है, जिसे कांग्रेस जनता के सामने लाती रहेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि वह खुद एक संवैधानिक पद पर हैं, इसके बावजूद एक नागरिक और जनप्रतिनिधि के नाते शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने लोक भवन पहुंचे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में व्यापक धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।
संगठन एकजुट होकर जनता के बीच जाएगा: विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया पर पार्टी की आपत्तियों को दोहराया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने के खिलाफ हिमाचल कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी इस मुद्दे को प्रदेश के कोने-कोने तक और जनता के बीच लेकर जाएगी।
वीरभद्र सिंह की अनदेखी के सवाल पर दिए निर्देश
रोहड़ू दौरे के दौरान पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की कथित अनदेखी से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसा हुआ है तो यह बिल्कुल उचित नहीं है, क्योंकि वीरभद्र सिंह ने रोहड़ू का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र का विकास किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा न हो।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
